Last Updated:
Dog Bite Treatment Expert Advice: अक्सर लोग कुत्ते के काटने या छोटी सी खरोंच को मामूली समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यही लापरवाही रेबीज जैसी जानलेवा बीमारी बन सकती है. सीनियर फिजिशियन डॉ. आर.के. पोद्दार के अनुसार, कुत्ते के काटने के बाद शुरुआती 15 मिनट सबसे कीमती होते हैं. आइए जानते हैं आप किन उपायों और तरीकों को अपनाकर इस खतरनाक बीमारी से बच सकते हैं.
गाजियाबद: गर्मियों में पारा चढ़ते ही आवारा कुत्तों के काटने के मामले तेजी से सामने आने लगते हैं. गर्मी की वजह से कुत्ते अक्सर चिड़चिड़े हो जाते हैं, जिससे उनके हमला करने का खतरा बढ़ जाता है. सबसे चिंता की बात यह है कि ज्यादातर लोग इसे मामूली चोट समझकर घर पर ही पट्टी कर लेते हैं, जो आगे चलकर रेबीज जैसी लाइलाज और जानलेवा बीमारी का कारण बन सकती है. डॉक्टरों का साफ कहना है कि कुत्ता काटने के बाद का हर मिनट कीमती है और सही समय पर लिया गया फैसला आपकी जान बचा सकता है.
घाव को नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी
सीनियर फिजिशियन डॉ. आर.के. पोद्दार बताते हैं कि कुत्ता काटने के मामले में लोग सबसे बड़ी गलती इलाज में देरी करके करते हैं. जैसे ही किसी को कुत्ता काटे, सबसे पहले घाव को 10 से 15 मिनट तक साबुन और साफ बहते पानी से अच्छी तरह धोना चाहिए. यह साधारण सा दिखने वाला प्राथमिक उपचार वायरस के असर को काफी हद तक कम कर देता है. इसके बाद घाव पर कोई एंटीसेप्टिक क्रीम लगानी चाहिए ताकि संक्रमण न फैले.
वैक्सीन का पूरा कोर्स है सुरक्षा की गारंटी
वहीं, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर रेबीज वैक्सीन और टिटनेस का इंजेक्शन लगाते हैं. अगर घाव ज्यादा गहरा हो, तो ‘एंटी-रेबीज सीरम’ भी दिया जाता है, जो आमतौर पर सरकारी अस्पतालों में मुफ्त उपलब्ध होता है. डॉक्टर बताते हैं कि वैक्सीन का पूरा कोर्स करना अनिवार्य है. उन्होंने बताया कि पहला इंजेक्शन काटने वाले दिन ही लगता है, इसके बाद तीसरे, पांचवें, सातवें और चौदहवें दिन डोज दी जाती है. कई लोग एक-दो इंजेक्शन लगवाकर बीच में ही कोर्स छोड़ देते हैं, जिससे रेबीज का खतरा बना रहता है. क्योंकि, अगर आपको कुत्ते के पंजे से सिर्फ खरोंच भी लगी हो, तब भी वह बड़ी परेशानी बन सकती हैं.
डॉक्टरों के मुताबिक, सावधानी ही रेबीज से बचने का एकमात्र तरीका है. गर्मी के दिनों में बाहर निकलते समय कोशिश करें कि शरीर पूरे कपड़ों से ढका रहे और गलियों में घूमते कुत्तों से एक सुरक्षित दूरी बनाए रखें.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें