Last Updated:
Deemak Bhagane Ke Upay: दीमक घर के दुश्मन होते हैं, जो बिना आपकी जानकारी के पूरे घर को निगल सकते हैं. दीवार, फर्नीचर से लेकर कपड़ों और सामान तक, विनाशकारी कीड़ों के ये छोटे लेकिन भयानक समूह तेजी से फैलते हैं. आइए जानते हैं दीमक भगाने के लिए घरेलू टिप्स…
दीमक घर के दुश्मन होते हैं, जो अनजाने में पूरे घर को निगल सकते हैं. दीवार, फर्नीचर से लेकर कपड़ों और सामान तक विनाशकारी दीमक से ज्यादातर लोग परेशान रहते हैं. दीमक जब दीवान, टेबल, कुर्सी पर लग जाती है तो उनसे पीछा छुड़ाना काफी मुश्किल हो जाता है. आपने देखा होगा कि ये दीमक कई बार दीवारों पर लंबी-लंबी लाइन की तरह बन जाती हैं. सर्दी हो या गर्मी दीमक की समस्या कभी भी हो सकती है. एक बार घर में दीमक घुस जाए तो आसानी से नहीं जाती, बल्कि धीरे-धीरे उसके बच्चे फैलते जाते हैं. अगर आप घर की दीवारों पर दीमक लगने से परेशान हैं और उनको भगाने के लिए सब कुछ ट्राई कर चुके होते हैं तो एक बार इन घरेलू उपायों को भी आजमाकर देख लें.

क्लेम्सन विश्वविद्यालय के एमेरिटस और विस्तार कीटविज्ञानी, पीएचडी, एरिक बेन्सन कहते हैं कि दीमक दुनिया के सबसे विनाशकारी घरेलू कीट हैं. इनका एक गुप्त जीवन होता है और ये आपके घर को तब तक काफी नुकसान पहुंचा सकते हैं, जब तक आपको पता भी ना चले कि ये वहां मौजूद हैं. आज इस आर्टिकल में हम जानेंगे कि दीमक को जल्दी कैसे पहचानें और कुछ आसान घरेलू उपायों से उनसे कैसे छुटकारा पाएं.

दीमक आमतौर पर अंधेरे कमरों में रहते हैं. चाहे वह दरवाजे हों, खिड़कियां हों या फर्नीचर, बाहर से देखने पर ये लकड़ी के अंदर होने का कोई संकेत नहीं देते. दरअसल, ये दीमक दीवारों में बनी नलियों के जरिए यात्रा करते हैं. अलमारियों या घर के कोनों में बनी मिट्टी की नलियों का इस्तेमाल अपने घोंसले और घर के बाकी हिस्सों के बीच रास्ते के रूप में करते हैं. इसलिए आपको अपने घर में लकड़ी के फर्नीचर की नियमित रूप से सफाई करते रहना चाहिए.

दीमक आमतौर पर लकड़ी के अंदरूनी हिस्से को पहले नष्ट कर देते हैं, बाहरी हिस्से को बरकरार रखते हैं. इसके लिए, आपको कुछ दिनों के बाद लकड़ी की जांच करनी चाहिए. अगर अंदर कोई दरार हो या आपको खिड़कियों और दरवाजों के पास कीड़ों के पंख दिखाई दें, तो आपको सावधान हो जाना चाहिए. दीमक के लक्षण दिखाई देने पर, आपको उन्हें नियंत्रित करने के लिए कीटनाशकों का उपयोग करना चाहिए. ऐसे में, आप आमतौर पर अपने घर के आस-पास की मिट्टी पर तरल रसायनों का छिड़काव कर सकते हैं. कुछ प्राकृतिक उपाय भी हैं, जो इस समस्या को नियंत्रित करने में मदद कर सकते हैं.

घर की दिवारों और लकड़ी के सामानों पर अगर दीमक लग गई है तो आप घर में मौजूद नमक का प्रयोग कर सकते हैं. आपके घर में जहां भी दीमक लगी हुई है, वहां नमक को छिड़क दें या फिर नमक वाला पानी दिन में कम से कम 8 से 10 बार छिड़क दें. इस टिप्स को आप लगातार 10 दिन तक करें. आपको इसका फायदा देखने को मिलेगा.

संतरे का तेल दीमकों को भगाने के लिए बहुत कारगर है. तेल में मौजूद डी-लिमोनीन दीमकों के लिए जहरीला होता है. इस तेल को ब्राउन मिट्टी वाले लंबी लाइन सी पर छिड़क दें. इससे दीमक मर जाएंगी या फिर वहां से भाग जाएंगी. संतरे के तेल को रेगुलरछिड़केंगे तब ही आपको लाभ मिलेगा. साथ ही दीमक को भगाने के लिए सिरका एक प्राकृतिक कीटनाशक का काम करता है.एक स्प्रे बोतल में पानी के साथ सिरका मिलाकर लकड़ी की सतहों पर छिड़कने से दीमक की समस्या खत्म हो जाएगी.

दीमक को भगाने के लिए बोरिक एसिड आपकी मदद कर सकता है. बोरिक एसिड का घर पर लगने वाले पेंट के साथ यूज करने से कीड़े-मकोड़े नहीं आते और यह दीमक के लिए एक दुश्मन की तरह काम करता है. वहीं आप दीमक को भगाने के लिए बोरिक एसिड की छोटी छोटी गोलियां बनाकर दीमक वाली जगह पर रख दें. इस उपाय को आप लगातार 5 से 6 दिनों तक करें. आप देखेंगे कि धीरे धीरे सभी दीमक घर से भाग जाएंगी.

सुनिश्चित करें कि आपके घर में पानी ना घुसे, इसके लिए नालियों की हर दिन साफ सफाई करें. नालियां ही दीमकों को घर के अंदर तक पहुंचाती हैं. साथ ही पानी के पाइप आपके घर में नमी पैदा कर सकते हैं, जिससे लकड़ी सड़ सकती है , जो दीमकों को बहुत पसंद है. वहीं अगर दीमक से प्रभावित चीजों को तीन दिन तक धूप में रखा जाए, तो तेज धूप दीमकों को मार देगी तो ऐसे में धूप एक दोस्त की तरह काम कर सकती है.
.