दसवीं बोर्ड परीक्षा आज से शुरू: पहला पेपर उर्दू का, जिले में सात केंद्र बनाए; सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगा एग्जाम – Gwalior News


माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाएं जिले में आज से प्रारंभ हो रही हैं। शुक्रवार को हाईस्कूल के उर्दू विषय की परीक्षा के साथ सत्र की शुरुआत होगी। यह परीक्षा सुबह 9 बजे से जिले के सात निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। जिला प्रशासन, माध्यमिक शिक्षा मंडल और स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। 17 फरवरी को कक्षा 10वीं की मुख्य परीक्षा जिले के 91 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इसमें कुल 26,744 विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए सात केंद्रों को रिजर्व रखा गया है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की गई है। 14 उड़नदस्ते गठित किए गए परीक्षा में नकल और अन्य गड़बड़ियों को रोकने के लिए जिला प्रशासन द्वारा 14 उड़नदस्ते गठित किए गए हैं। इन दलों में जिला प्रशासन, बोर्ड कार्यालय और स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल हैं, जो परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। प्रत्येक केंद्र पर केंद्राध्यक्ष और पर्यवेक्षकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। वरिष्ठ अधिकारियों ने किया केंद्रों का निरीक्षण गुरुवार को सभी परीक्षा केंद्रों पर फर्नीचर और सुरक्षा व्यवस्था सहित आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित रखरखाव व्यवस्था और समय पर वितरण की विशेष व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों से समय पर केंद्र पर पहुंचने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है। साथ ही अभिभावकों से भी सहयोग की अपेक्षा जताई गई है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *