iPhone जैसी टेक्नोलॉजी अब इनफिनिक्स के सस्ते फोन में, बिना नेटवर्क हो जाएगी कॉलिंग, मिलेगा सैटेलाइट सपोर्ट

CES 2026 में इस बार इनफिनिक्स ने एक ऐसा फीचर दिखाया है, जिसने सबका ध्यान खींच लिया है. आमतौर पर सैटेलाइट कम्युनिकेशन जैसी टेक्नोलॉजी अब तक iPhone, Samsung या Huawei जैसे महंगे स्मार्टफोन्स तक ही सीमित रही है, लेकिन इनफिनिक्स इसे मिड-रेंज यूज़र्स तक लाने की तैयारी में है. कंपनी ने कंफर्म किया है कि वह अपने आने वाले स्मार्टफोन्स में सैटेलाइट के ज़रिए कॉल और मैसेज भेजने की सुविधा देने वाली है.

इनफिनिक्स ने बताया कि यह नया फीचर उसकी अपकमिंग Note 60 सीरीज़ के साथ लॉन्च किया जाएगा. इस टेक्नोलॉजी की खास बात यह है कि जब मोबाइल नेटवर्क बिल्कुल नहीं होगा, तब भी यूज़र कॉल कर पाएंगे और मैसेज भेज सकेंगे. यानी पहाड़ों, जंगलों या किसी रिमोट इलाके में भी कनेक्टेड रहना आसान हो सकता है.

कंपनी के मुताबिक, यह सैटेलाइट फीचर एक Always-On यूनिफाइड कम्युनिकेशन सिस्टम पर काम करता है. इसका मतलब है कि फोन खुद ही मोबाइल नेटवर्क और सैटेलाइट नेटवर्क के बीच स्विच कर लेगा. यूज़र्स को इसके लिए किसी अलग रजिस्ट्रेशन या जटिल सेटअप की जरूरत नहीं होगी, जो इसे और ज्यादा आसान बनाता है.

इनफिनिक्स का कहना है कि उसका मकसद प्रीमियम टेक्नोलॉजी को ज्यादा लोगों तक पहुंचाना है. इससे पहले भी कंपनी MagSafe जैसी वायरलेस चार्जिंग टेक्नोलॉजी को अपने किफायती स्मार्टफोन्स में पेश कर चुकी है. अब सैटेलाइट कम्युनिकेशन के जरिए इनफिनिक्स एक बार फिर यह दिखाना चाहती है कि एडवांस फीचर्स सिर्फ महंगे फोन्स तक सीमित नहीं होने चाहिए.

हालांकि, इनफिनिक्स ने अभी ये साफ नहीं किया है कि वह किस सैटेलाइट सर्विस प्रोवाइडर के साथ काम करेगी. ऐपल ने अपने iPhone में इस फीचर के लिए Globalstar का इस्तेमाल किया है. इनफिनिक्स के मामले में यह जानकारी बाद में सामने आ सकती है.

फिलहाल यह कहना मुश्किल है कि आम यूज़र इस फीचर का कितनी बार इस्तेमाल करेंगे, लेकिन इमरजेंसी में यह बेहद काम का साबित हो सकता है. खासकर ऐसे समय में, जब भारत जैसे देशों में सैटेलाइट इंटरनेट और Starlink जैसी सेवाओं की चर्चा तेज हो रही है.

कुल मिलाकर, इनफिनिक्स का यह कदम दिखाता है कि आने वाले समय में सैटेलाइट टेक्नोलॉजी सिर्फ फ्लैगशिप स्मार्टफोन्स तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आम यूज़र्स के लिए भी उपलब्ध हो सकती है.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *