Last Updated:
इंदौर में शराब कारोबारी सूरज रजक पर 300 करोड़ रुपए की जमीन के कब्जे का आरोप लगा है और यह आरोप फेमस टीवी एक्ट्रेस रेमन कक्कड़ ने लगाया है. इसी सिलसिले में उनके ऊपर एफआईआर भी दर्ज की गई है और पुलिस ने जांच भी शुरू कर दी है. सूरज MPL लीग में एक टीम के ओनर भी हैं.
इंदौर में टीवी एक्ट्रेस ने सूरज रजक के खिलाफ दर्ज करवाई FIR
रिपोर्ट-मिथिलेश गुप्ता
Indore News: मध्य प्रदेश के इंदौर से शराब कारोबारी सूरज रजक पर मुंबई की टीवी एक्ट्रेस रेमन कक्कड़ ने केस दर्ज करवाया है. टीवी एक्ट्रेस ने आरोप लगाया कि इंदौर के निपानिया क्षेत्र में उनकी परिवार की लगभग 300 करोड़ रुपए की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की गई और इसके लिए सूरज ने खूब प्रयास भी किया, लेकिन टीवी एक्ट्रेस ने मौके पर जाकर पुलिस की सहायता से कब्जे को रुकवाया है.
अब लुसड़िया थाने में पुलिस ने टीवी एक्ट्रेस की शिकायत पर कारोबारी सूरज रजक पर किया केस दर्ज किया है. सूरज पर इससे पहले भी युवकों से मारपीट के मामले में कनाडिया थाने में केस दर्ज हुआ था.
किराए पर जमीन लेना चाहता था सूरज रजक
बताया जा रहा है कि सूरज रजक ने पहले टीवी एक्ट्रेस के परिवार से किराए पर जमीन लेनी चाही, ताकि वहां पर शराब की दुकान खोली जा सके, लेकिन अभिनेत्री के परिवार ने जमीन किराए पर देने से मना कर दिया. इसके बाद उसने जबरन उस जमीन पर कब्जा करना चाहा. बताया जा रहा है कि यह जमीन बिल्कुल सड़क के किनारे पर मौजूद है और सूरज ने हाल ही में शराब का ठेका लिया है.
पुलिस ने दर्ज कर ली शिकायत
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस इस मामले में कई तथ्यों की जांच कर रही है.
MPL में मालवा स्टैलियंस के ओनर हैं सूरज रजक
सूरज रजक इंदौर के बड़े शराब कारोबारियों में गिने जाते हैं. वह मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (MPL) की टीम मालवा स्टैलियंस के ओनर भी हैं. यह टीम साल 2026 में पहली बार इस लीग में खेलते हुए दिखाई देगी. अभी हाल ही में हुए ऑक्शन में मालवा की टीम ने आशुतोष शर्मा को मोटी रकम देकर खरीदा था.
.