टीम इंडिया ने मोहम्मद आमिर को दिया करारा जवाब, कहा था – भारत सेमीफाइनल में नहीं पहुंचेगा

Team India Gave Befitting Reply To Mohammad Amir: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आखिरी सुपर-8 मैच में भारत और वेस्टइंडीज के बीच एक हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिला. कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मैच में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने उन तमाम आलोचकों के मुंह पर ताला लगा दिया है जो भारत के बाहर होने की दुआ कर रहे थे. खासकर, ये जीत पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर के लिए एक करारा जवाब है, जिन्होंने कुछ दिनों पहले एक टीवी शो में कहा था कि टीम इंडिया सेमीफाइनल तक नहीं पहुंचेगी.

टीम इंडिया ने आमिर की भविष्यवाणी को किया फेल

मोहम्मद आमिर ने हाल ही में एक पाकिस्तानी टीवी शो में टीम इंडिया की काबिलियत पर सवाल उठाते हुए कहा था कि भारत इस बार अंतिम चार में नहीं पहुंच पाएगी, लेकिन सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली इस युवा सेना ने मैदान पर अपने प्रदर्शन से साबित कर दिया कि वे किसी भी चुनौती से निपटने के लिए तैयार हैं. आमिर के उस बयान को अब सोशल मीडिया पर भारतीय फैंस एक करारा जवाब बता रहे हैं, क्योंकि टीम इंडिया अब टी20 वर्ल्ड कप जीतने से महज दो कदम दूर है.

टीम इंडिया की इस मैच में भी रही खराब फील्डिंग

वेस्टइंडीज के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी टीम इंडिया की फील्डिंग इस मैच में भी खराब रही. अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने आसान कैच छोड़े, जिसकी बदौलत कैरेबियाई टीम एक चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में सफल रही. जहां अभिषेक ने रोस्टन चेज का कैच टपकाया, तो वहीं तिलक वर्मा ने बाउंड्री पर रदरफोर्ड का कैच छक्के में तब्दील कर दिया. इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया ने अब तक सबसे ज्यादा 13 कैच छोड़े हैं, जो सेमीफाइनल से पहले एक बड़ी चिंता का विषय है.

.

Source link

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *