Last Updated:
भारत में चाय पीना एक आम आदत है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि ज्यादा चाय पीना आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है? कैफीन और टैनिन से भरपूर चाय का अधिक सेवन नींद, पाचन और शरीर के जरूरी पोषक तत्वों पर बुरा असर डाल सकता है, इसलिए इसे सीमित मात्रा में ही पीना जरूरी है.
चाय पीने का शौक लगभग हर व्यक्ति को होता है. सुबह उठने के बाद अधिकतर लोग इसका सेवन करते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि चाय सेहत के लिए नुकसानदेह भी हो सकती है. चाय के अधिक सेवन से कई तरह की बीमारियां होने की संभावना बढ़ जाती है. मिली जानकारी के मुताबिक, सुबह खाली पेट चाय पीने से पेट में एसिड की मात्रा बढ़ जाती है. इससे एसिडिटी, गैस बनना, पेट फूलना और जलन जैसी समस्याएं हो सकती हैं. इसलिए चाय सीमित मात्रा में ही पीनी चाहिए और चाय के साथ बिस्किट आदि कुछ जरूर खाना चाहिए.
चाय पीने के शौकीन लोग दिन में कई कप चाय पी जाते हैं. भारत में चाय का सेवन सबसे ज्यादा किया जाता है, लेकिन अधिक चाय पीने से अनिद्रा जैसी समस्या भी हो सकती है. ठीक से नींद न आना, रात भर जागना जैसी दिक्कतें चाय के अधिक सेवन से जुड़ी होती हैं. चिकित्सकों के अनुसार, चाय में कैफीन की अधिक मात्रा होती है, जो नींद को डिस्टर्ब करती है. समय पर नींद न आने के कारण इंसोम्निया जैसी समस्या का खतरा भी बढ़ जाता है.
चाय के अधिक सेवन से शरीर में कई जरूरी पोषक तत्वों की कमी हो सकती है. चिकित्सकों के अनुसार, ज्यादा चाय पीने से शरीर में आयरन की कमी होने लगती है. दरअसल, चाय में टैनिन होता है, जो भोजन से मिलने वाले आयरन के अवशोषण को कम कर देता है. इससे शरीर में कमजोरी सहित कई तरह की बीमारियां शुरू हो सकती हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
चाय के अधिक सेवन से घबराहट और बेचैनी भी हो सकती है. चाय में मौजूद कैफीन की अधिक मात्रा ब्लड प्रेशर को डिस्टर्ब कर देती है, जिस कारण घबराहट और बेचैनी होने लगती है और तेज-तेज पसीना आने लगता है- ऐसी स्थिति में चाय का सेवन बंद कर देना चाहिए और अपने नजदीकी चिकित्सक को दिखाना चाहिए.
चाय के अधिक सेवन से पाचन तंत्र पर असर पड़ता है और कब्ज जैसी समस्या भी हो सकती है. चिकित्सकों के अनुसार, चाय में थियोफिलाइन नाम का एक रसायन होता है, जो अधिक मात्रा में शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है. उन्होंने बताया कि ज्यादा चाय पीने से कब्ज और पाचन संबंधी समस्याएं शुरू हो सकती हैं.
चाय के अधिक सेवन से शरीर की हड्डियां कमजोर होने लगती हैं. चिकित्सकों के अनुसार, बहुत अधिक मात्रा में चाय पीने से शरीर से कैल्शियम बाहर निकलने लगता है, जिससे हड्डियां कमजोर और पतली हो सकती हैं. इसलिए चाय का सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए.