सीधी जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात करीब 10 बजे कोलदहा पुल के पास एक डीजल टैंकर बेकाबू होकर पलट गया। इस हादसे में टैंकर का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। ड्राइवर को गंभीर चोटें आई हैं और क्लीनर गोरेलाल यादव भी जख्मी हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीजल लूटने की मची होड़ टैंकर पलटते ही उससे डीजल बहने लगा। खबर फैलते ही आसपास के गांव वाले और राहगीर मौके पर जमा हो गए। खतरे की परवाह किए बिना लोग बाल्टी और डिब्बे लेकर डीजल भरने लगे। मौके पर डीजल लूटने की होड़ मच गई। धमाके का था बड़ा खतरा सड़क पर डीजल फैलने से हालात काफी खतरनाक हो गए थे। वहां मौजूद लोगों का कहना था कि अगर जरा सी भी चिंगारी उठती, तो बड़ा धमाका हो सकता था और पूरा इलाका आग की चपेट में आ जाता। पुलिस ने संभाला मोर्चा हादसे की सूचना मिलते ही अमिलिया पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर लोगों को वहां से खदेड़ना शुरू किया और डीजल लूटने से रोका। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से रास्ता बंद कर दिया है। बताया जा रहा है कि यह टैंकर उत्तर प्रदेश से बहरी की ओर जा रहा था। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है। .