मुंबई8 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
सुदीप फार्मा का IPO आज यानी 28 नवंबर को शेयर बाजार में इश्यू प्राइस 593 से 23% ऊपर 730 रुपए पर लिस्ट हुआ। अभी यह 33% ऊपर 779 पर कारोबार कर रहा है।
कंपनी का शेयर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर 22.26% प्रीमियम के साथ 725 रुपए पर लिस्ट हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर 23.10% ऊपर 730 रुपए पर लिस्ट हुआ।
आईपीओ का प्राइस बैंड ₹563 से ₹593 के बीच था। लिस्टिंग के बाद कंपनी की मार्केट वैल्यू बढ़कर ₹8,188 करोड़ पर पहुंच गई है। इससे पहले यह ₹6,697 करोड़ थी।
IPO में 95 करोड़ का फ्रेश इश्यू, 800 करोड़ का OFS
इस IPOकी खास बात यह थी कि ₹895 करोड़ के इश्यू में 800 करोड़ रुपए का ऑफर फॉर सेल (OFS) और केवल 95 करोड़ का फ्रेश इश्यू था। फिर भी निवेशकों ने इसमें भरोसा जताया और कुल 93.71 गुना सब्सक्राइब हुआ था।
फ्रेश इश्यू से मिली राशि में से 75.8 करोड़ रुपए का उपयोग गुजरात के नंदेसरी फैसिलिटी-1 में प्रोडक्शन लाइन के लिए मशीनरी खरीदने और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

सुदीप फार्मा का शेयर खरीदें, बेचें या होल्ड करें?
स्वास्तिका इन्वेस्टमार्ट की हेड ऑफ वेल्थ शिवानी न्याती ने कहा- लिस्टिंग इतनी शानदार हुई क्योंकि IPO से पहले ही डिमांड बहुत तेज थी और निवेशकों को कंपनी के स्पेशलिटी फार्मा इंग्रीडिएंट्स बिजनेस पर पूरा भरोसा था। न्याती के मुताबिक, सुदीप फार्मा की मजबूत लिस्टिंग के पीछे कंपनी की अच्छी पोजीशन है।
कंपनी फार्मा और न्यूट्रास्युटिकल के लिए कच्चा माल बनाती है, प्रोडक्ट्स की लंबी लिस्ट है, दुनिया की बड़ी-बड़ी फार्मा कंपनियों से पुराने रिलेशन हैं और एक्सपोर्ट अच्छा है। लेकिन आने वाले कुछ महीनों में मार्जिन पर दबाव, कच्चे माल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और स्पेशलिटी केमिकल्स में कॉम्पिटिशन पर नजर रखनी होगी।
- जिन लोगों को अलॉटमेंट मिला है, वो थोड़ा मुनाफा बुक कर लें (पार्शियल प्रॉफिट बुकिंग)।
- जो लोग लॉन्ग टर्म के लिए इस सेक्टर पर बुलिश हैं, वो बाकी शेयर होल्ड कर सकते हैं, लेकिन ₹690 के नीचे सख्त स्टॉपलॉस जरूर लगाएं।
कंपनी दवा और न्यूट्रिशन इंडस्ट्री के लिए खास सामग्री बनाती है
गुजरात की ये कंपनी फार्मास्युटिकल, फूड और न्यूट्रिशन सेक्टर के लिए एक्सीपिएंट्स और स्पेशलिटी इंग्रीडिएंट्स बनाती है। यानी ये वो जरूरी सामग्रियां बनाती है जो दवाइयों और हेल्थ सप्लीमेंट्स को सही आकार, स्वाद, स्थिरता और असर देने में मदद करती हैं।
कंपनी का पूरा फोकस ग्लोबल हेल्थकेयर इकोसिस्टम को मजबूत बनाने पर है। इसके लिए ये अपनी इन-हाउस विकसित तकनीकों का इस्तेमाल करती है। इन तकनीकों की मदद से दवाइयां और न्यूट्रिशन प्रोडक्ट्स ज्यादा असरदार, स्थिर और यूजर-फ्रेंडली बनते हैं।
उदाहरण के तौर पर, ये तकनीक दवाइयों को कड़वा स्वाद छुपाने, सही तरीके से घुलने में मदद करती है। कंपनी का दावा है कि इन इनोवेटिव समाधानों से फार्मा और न्यूट्रिशन इंडस्ट्री में प्रोडक्ट की क्वालिटी और प्रभावशीलता को नई ऊंचाई मिल रही है।
.