जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर शहर में टैलेंट और हुनर की कोई कमी नहीं है. भले ही यह शहर आकार में छोटा है, लेकिन यहां के लोगों की प्रतिभा अक्सर बड़ी-बड़ी जगहों तक अपनी पहचान बना लेती है. ऐसी ही प्रेरणादायक कहानी शहर की बेटी अलीशा की है, जो एक ओर कॉर्पोरेट सेक्टर में नौकरी कर रही हैं. वहीं, दूसरी ओर अपने हुनर को भी आगे बढ़ा रही हैं. आइये जानते हैं उनके बारे में.
अलीशा ने एमबीए की पढ़ाई पूरी करने के बाद कॉर्पोरेट कंपनी में नौकरी शुरू की. दिनभर लगभग 8 घंटे की नौकरी करने के बावजूद उन्होंने अपने बचपन के शौक को कभी नहीं छोड़ा. बचपन में वह अपनी मां को मोमबत्ती बनाते हुए देखा करती थीं और वहीं, से उन्हें सेंटेड कैंडल बनाने का शौक लग गया. धीरे-धीरे उन्होंने इस कला को सीख लिया और आज इसे एक छोटे बिजनेस के रूप में भी आगे बढ़ा रही हैं.
जानें अलीशा के ब्रांड का नाम
अलीशा बताती हैं कि उन्हें खुशबू से खास लगाव है. उनका मानना है कि जब इंसान दिनभर की भागदौड़ और तनाव से थक जाता है, तब एक अच्छी खुशबू वाला माहौल मन और दिमाग दोनों को शांति देता है. इसी सोच के साथ उन्होंने अपना कैंडल ब्रांड “INCENSE” शुरू किया. उनकी खास बात यह है कि वह सिर्फ साधारण मोमबत्तियां नहीं बनातीं, बल्कि डिजाइनर और सेंटेड कैंडल तैयार करती हैं. उनकी कैंडल्स देखने में इतनी खूबसूरत होती है कि कई लोग उन्हें पहले सजावट के लिए खरीदते हैं और बाद में उसकी खुशबू के दीवाने हो जाते हैं.
जानें कैंडल के डिजाइन के बारे में
अगर हम डिजाइन की बात करें तो उनकी कैंडल्स में रसमलाई, लड्डू, कपकेक, चॉकलेट, टॉफी, डोनट, आइसक्रीम स्कूप और मैकरॉन जैसे अनोखे डिजाइन देखने को मिलते हैं. इसके अलावा गिफ्टिंग के लिए खास कैंडल हैंपर भी तैयार किए जाते हैं, जिनमें रोज बुके कैंडल, लैवेंडर बुके, हार्ट शेप कैंडल और फ्लावर पॉट कैंडल जैसे डिजाइन शामिल रहते हैं. खुशबू यानी फ्लेवर के मामले में भी उनकी कैंडल्स काफी खास हैं. इनमें चॉकलेट, वनीला, रोजमेरी, लैवेंडर, जैस्मिन, कॉफी, सैंडलवुड, मोगरा, पाइन और लेमनग्रास जैसे कई सुकून देने वाले फ्लेवर उपलब्ध हैं. इन खुशबुओं से कमरे का माहौल तुरंत बदल जाता है और मन को एक अलग सुकून मिलता है.
अलीशा बताती हैं कि उनके कैंडल्स की डिमांड अब सिर्फ स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं है. वह पैन इंडिया डिलीवरी भी करती हैं और देश के अलग-अलग शहरों से ऑर्डर मिलते हैं. खास बात यह है कि उनके कई ऑर्डर हीलिंग सेंटर और मेडिटेशन सेंटर से भी आते हैं, क्योंकि वहां शांत और प्राकृतिक खुशबू वाले कैंडल्स की खास जरूरत होती है.
नौकरी के साथ बचपना का सपना कर रही पूरा
अलीशा का कहना है कि जब लोग उनकी कैंडल की खुशबू महसूस करते हैं तो अक्सर उनकी तारीफ करते हैं और दोबारा ऑर्डर देते हैं. यही उनके लिए सबसे बड़ी खुशी है. जमशेदपुर की बेटी अलीशा की यह कहानी बताती है कि अगर इंसान अपने शौक और हुनर को मेहनत के साथ आगे बढ़ाए तो नौकरी के साथ भी अपना सपना पूरा किया जा सकता है.
.