Last Updated:
Bihar Under 15 women’s Cricket Team: हानिया हुमैरा का बिहार महिला अंडर-15 क्रिकेट टीम में चयन मोतिहारी और बिहार के लिए गर्व की बात है. टीम त्रिवेंद्रम टूर्नामेंट में भाग लेगी. हानिया तेज गेंदबाज और बल्लेबाज हैं. हानिया हुमैरा ने कहा यह उनके लिए बड़ा मौका है. लक्ष्य सिर्फ इस टूर्नामेंट तक सीमित नहीं है, बल्कि वे अपने प्रदर्शन के दम पर आगे चलकर बिहार की सीनियर टीम में जगह बनाना चाहती हैं.
मोतिहारीः मोतिहारी की बेटी हानिया हुमैरा ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मेहनत, जज्बा और हौसला हो तो सपनों को हकीकत में बदला जा सकता है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा आयोजित होने वाले महिला अंडर-15 क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए बिहार टीम का चयन हो गया है. इसमें ईस्ट चंपारण डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (इसीडीसीए) से सम्बद्ध अरेराज की प्रतिभाशाली खिलाड़ी हानिया हुमैरा का चयन होना जिले और पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है. बिहार की टीम 1 जनवरी को पटना से त्रिवेंद्रम, केरल के लिए रवाना हो गई है, जहां टूर्नामेंट का आगाज होने वाला है.
जानिए मैच का कार्यक्रम
तय कार्यक्रम के अनुसार बिहार की टीम का पहला मुकाबला 2 जनवरी को बंगाल से होगा. इसके बाद 4 जनवरी, 6 जनवरी, 8 जनवरी और 10 जनवरी को टीम को मजबूत विरोधी टीमों से भिड़ना है. जिनमें क्रमशः हिमाचल प्रदेश, मध्यप्रदेश, तमिलनाडु और महाराष्ट्र जैसी टीमें शामिल हैं. ऐसे में बिहार की युवा टीम के सामने बड़ी चुनौती होगी, लेकिन खिलाड़ियों में रोमांच और जोश भरपूर है. टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि ये युवा चेहरें मैदान पर दमदार प्रदर्शन कर राज्य का मान बढ़ाएंगे.
हानिया हुमैरा की प्रतिभा पर भरोसा जताया
इसीडीसीए के सचिव रवि राज के हवाले से मीडिया प्रभारी प्रीतेश रंजन ने बताया कि बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) ने हानिया हुमैरा की प्रतिभा पर भरोसा जताते हुए उन्हें टीम में जगह दी है. हानिया दायें हाथ की तेज गेंदबाज और उपयोगी बल्लेबाज भी हैं. उन्होंने अपने निरंतर बेहतर खेल, अनुशासन और प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया. जिला क्रिकेट एसोसिएशन में कोच और अधिकारियों ने भी हानिया के चयन पर खुशी जताई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
हानिया हुमैरा ने कहा-लक्ष्य बड़ा है
हानिया हुमैरा ने बातचीत में कहा कि यह उनके लिए बड़ा मौका है. वह पूरी कोशिश करेंगी कि बेहतर प्रदर्शन कर बिहार का नाम रोशन करें. उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य सिर्फ इस टूर्नामेंट तक सीमित नहीं है, बल्कि वे अपने प्रदर्शन के दम पर आगे चलकर बिहार की सीनियर टीम में जगह बनाना चाहती हैं. परिवार और कोच के सहयोग को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताते हुए हानिया ने कहा कि अगर लगन सच्ची हो तो कोई भी सपना दूर नहीं रहता. अब सबकी निगाहें केरल के मैदान पर होंगी. जहां मोतिहारी की यह बेटी अपने हुनर का जलवा बिखेरने को तैयार है.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
.