दमोह में सफाई वाहनों के चालकों की हड़ताल: बीमा और मेंटेनेंस की मांग पर काम रोका, शहर में कचरा नहीं उठा – Damoh News


दमोह नगर पालिका के सफाई वाहनों के चालकों ने शनिवार को हड़ताल कर दी। उन्होंने वाहनों का बीमा न होने और नियमित मेंटेनेंस के अभाव का विरोध करते हुए काम बंद कर दिया। इस कारण शोभानगर स्थित फिल्टर प्लांट पर सभी वाहन खड़े हो गए और शहर में कचरा नहीं उठाया जा सका। हड़ताल की सूचना मिलते ही मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) राजेंद्र सिंह लोधी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों को जल्द ही व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया, जिसके बाद कर्मचारी काम पर लौट आए। कर्मचारियों ने बताया कि शहर की सफाई में लगे ट्रैक्टर, ट्रॉली, अपर-डिपर, ट्राला और जेसीबी सहित अन्य वाहन लंबे समय से सर्विसिंग के अभाव में जर्जर हो चुके हैं। कई वाहन कंडम हालत में हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने का खतरा बना रहता है। चालकों का यह भी कहना था कि वर्षों से कई वाहनों का बीमा नहीं कराया गया है। ऐसे में दुर्घटना की स्थिति में विभाग और चालकों को गंभीर नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सफाई कर्मियों से ड्राइविंग का कार्य कराया जा रहा है, जबकि उन्हें सफाई कर्मियों के वेतनमान के अनुसार ही भुगतान मिल रहा है। नियमित, दैनिक वेतनभोगी और आउटसोर्स कर्मचारियों ने बताया कि वे पूर्व में भी कई बार विभागीय अधिकारियों को इन समस्याओं से अवगत करा चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। कर्मचारियों ने सभी वाहनों का तत्काल बीमा कराने, नियमित मेंटेनेंस सुनिश्चित करने और वेतन विसंगतियों को दूर करने की मांग की। सीएमओ राजेंद्र सिंह लोधी ने आश्वासन दिया कि सोमवार तक जिन वाहनों का बीमा नहीं हुआ है, उनका बीमा करा दिया जाएगा। साथ ही, वाहनों के सुधार कार्य के लिए भी आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। इस आश्वासन के बाद कर्मचारी वापस काम पर लौट गए। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *