Last Updated:
सर्दियों का मौसम आते ही ऊनी कपड़े, स्वेटर, जैकेट और शॉल रोजमर्रा का हिस्सा बन जाते हैं. लेकिन कम धुलाई और नमी की वजह से इन कपड़ों में अजीब सी बदबू आने लगती है. कई बार अच्छे परफ्यूम या फैब्रिक फ्रेशनर के बावजूद गंध नहीं जाती. यह समस्या आम है लेकिन इसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए
सर्दियों का मौसम आते ही ऊनी कपड़े, स्वेटर, जैकेट और शॉल रोजमर्रा का हिस्सा बन जाते हैं. लेकिन कम धुलाई और नमी की वजह से इन कपड़ों में अजीब सी बदबू आने लगती है. कई बार अच्छे परफ्यूम या फैब्रिक फ्रेशनर के बावजूद गंध नहीं जाती. यह समस्या आम है लेकिन इसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए. सही तरीके अपनाकर आप अपने सर्दियों के कपड़ों को लंबे समय तक फ्रेश और साफ रख सकते हैं.

सर्दियों के कपड़ों की बदबू दूर करने के लिए धूप सबसे आसान और असरदार उपाय है. हल्की धूप में कपड़ों को कुछ घंटों के लिए डाल दें. धूप की गर्मी बैक्टीरिया और नमी को खत्म करती है जो बदबू का कारण बनते हैं. ध्यान रखें कि बहुत तेज धूप में ऊनी कपड़े ज्यादा देर न रखें क्योंकि इससे उनका रंग और फाइबर खराब हो सकता है.

बेकिंग सोडा बदबू सोखने में बेहद कारगर होता है. जिन कपड़ों से ज्यादा बदबू आ रही हो उन्हें रात भर एक बैग या टब में रखें और ऊपर से थोड़ा बेकिंग सोडा छिड़क दें. सुबह कपड़ों को झाड़ लें या हल्के से ब्रश कर दें. बिना धुले ही कपड़ों से बदबू काफी हद तक खत्म हो जाती है. यह तरीका खासकर स्वेटर और जैकेट के लिए उपयोगी है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

सफेद सिरका भी बदबू हटाने का बेहतरीन उपाय है. एक बाल्टी गुनगुने पानी में आधा कप सिरका मिलाएं और कपड़ों को 20 से 30 मिनट के लिए भिगो दें. इसके बाद हल्के डिटर्जेंट से धो लें. सिरका कपड़ों में जमी बदबू और बैक्टीरिया को खत्म कर देता है. घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि सूखने के बाद सिरके की गंध नहीं रहती.

कपड़ों की बदबू का बड़ा कारण गलत स्टोरेज भी होता है. सर्दियों के कपड़ों को कभी भी गीला या अधसूखा अलमारी में न रखें. अलमारी में नीम की पत्तियां, कपूर या लैवेंडर पाउच रखें. इससे नमी और बदबू दोनों से बचाव होता है. कपड़ों को रखने से पहले अच्छी तरह हवा लगवाना बहुत जरूरी है.

सर्दियों में लोग एक ही जैकेट या स्वेटर कई दिन तक पहन लेते हैं. हर बार पहनने के बाद कपड़ों को सीधे अलमारी में न रखें. पहले उन्हें खुले में कुछ घंटों के लिए टांग दें. इससे पसीने की नमी सूख जाती है और बदबू पनपने का मौका नहीं मिलता. यह छोटी सी आदत कपड़ों को लंबे समय तक फ्रेश रखती है.

अगर कपड़े धोना संभव न हो तो स्टीम या हल्की इस्त्री भी मददगार साबित होती है. भाप की गर्मी बैक्टीरिया को मारती है जो बदबू का कारण बनते हैं. खासकर कोट और भारी जैकेट के लिए यह तरीका काफी कारगर है. ध्यान रखें कि कपड़े के फैब्रिक के अनुसार ही तापमान सेट करें ताकि नुकसान न हो.
.