इंदौर से जोबट जा रही बस पर अज्ञात व्यक्तियों ने बुधवार रात पथराव किया। घटना में बस चालक घायल हो गया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, घटना धार जिले के बाग स्थित ग्राम अखाड़ा क्षेत्र में हुई। बस जैसे ही इस इलाके से गुजर रही थी, अज्ञात हमलावरों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। पथराव से बस का अगला शीशा पूरी तरह टूट गया और चालक को चोटें आईं। यात्रियों ने कहा-अचानक बस पर पथराव, झुककर जान बचाई प्रत्यक्षदर्शी यात्रियों ने बताया कि पथराव अचानक हुआ, जिससे बस में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई और उन्होंने झुककर अपनी जान बचाई। घायल चालक को तत्काल प्राथमिक इलाज दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ जारी है। हालांकि, स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन इस घटना ने यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। .