Last Updated:
Fruit Seller Success Story: बुरहानपुर के अब्दुल रईस की यह सफलता की कहानी हर छोटे व्यापारी के लिए प्रेरणा है. ठेले पर फल बेचने से शुरू हुआ उनका सफर आज 3 करोड़ रुपये के कारोबार तक पहुंच चुका है. शुरुआती संघर्ष और आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत करते रहे. आज वे न सिर्फ एक सफल व्यापारी हैं बल्कि 15 लोगों को रोजगार भी दे रहे हैं. जानिए कैसे एक छोटा सा काम बड़े बिजनेस में बदल सकता है और सफलता की मिसाल बन सकता है.
Fruit Business Success Story: मध्यप्रदेश के बुरहानपुर से एक ऐसी कहानी सामने आई है, जो ये साबित करती है कि मेहनत और हिम्मत हो तो हालात बदलते देर नहीं लगती. अब्दुल रईस ने करीब 30 साल पहले ठेले पर फल बेचकर अपने सफर की शुरुआत की थी. उस वक्त हालत ऐसे थे कि कई बार दिनभर खड़े रहने के बाद भी फल नहीं बिकते थे.
जब नहीं चला ठेला, तब लिया उधार
शुरुआती दौर आसान नहीं था. बरसात के मौसम में तो हालत और खराब हो जाती थी. कई बार बिजनेस ठप हो जाता था, लेकिन रईस ने हार नहीं मानी. उन्होंने अपने रिश्तेदारों और परिवार से मदद ली और करीब 5 लाख रुपये का लोन लेकर दोबारा शुरुआत की.
मेहनत रंग लाई, करोड़ों में पहुंचा कारोबार
धीरे-धीरे मेहनत रंग लाने लगी. आज वही ठेले वाला काम एक बड़े बिजनेस में बदल चुका है. रईस बताते हैं कि अब उनका सालाना लेनदेन करीब 3 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है और वे लगभग 15 लोगों को रोजगार भी दे रहे हैं.
‘नीलम फल फ्रूट’ बना पहचान
आज उनका कारोबार “नीलम फल फ्रूट” के नाम से चलता है. बुरहानपुर में उनकी अच्छी खासी पहचान बन चुकी है और लोग दूर-दूर से उनके यहां फल लेने आते हैं. रईस अब सिर्फ फल बेचते ही नहीं, बल्कि बड़ा नेटवर्क भी संभालते हैं. वे देश के करीब 10 राज्यों से फल मंगवाते हैं और ट्रांसपोर्ट का काम भी करते हैं. उनके यहां आम, सेब, जामुन, चीकू, पपीता, मौसंबी, अनानास जैसे कई तरह के फल मिलते हैं.
रोज 2-3 गाड़ियों का होता है कारोबार
आज उनकी दुकान पर रोजाना 2 से 3 गाड़ियों में फल आता और बिकता है. कई छोटे व्यापारी उनसे फल खरीदकर बाजार में बेचते हैं. यानी एक ठेले से शुरू हुआ सफर अब कई लोगों की रोजी-रोटी का सहारा बन चुका है. अब्दुल रईस की कहानी यही सिखाती है कि हालात चाहे जैसे हों, अगर इंसान ठान ले तो कुछ भी हासिल कर सकता है. आज वे न सिर्फ खुद सफल हैं, बल्कि दूसरों को भी रोजगार दे रहे हैं.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें
.