Last Updated:
Samosa King Patna: पटना के रूपसपुर में स्थित समोसा किंग आज पटना का नया फूड हॉटस्पॉट बन चुका है. यहां आलू वाला समोसा नहीं, बल्कि चीज कॉर्न, पनीर, पिज्जा, मंचूरियन, चॉकलेट समेत करीब 40 यूनिक फ्लेवर मिलते हैं. इस अनोखे आइडिया के पीछे हैं मैकेनिकल इंजीनियर रवि, जिन्होंने लॉकडाउन में नौकरी छोड़ इस कॉन्सेप्ट को ठेला से शुरू किया था.
पटना. समोसा और आलू का रिश्ता तो सदियों से चल रहा है, लेकिन पटना के एक मैकेनिकल इंजीनियर ने इस सिंपल चीज में ऐसा इनोवेशन कर दिया कि आज उनके समोसे के लिए लोग घंटों लाइन लगाते हैं. महज चाय-नाश्ते वाली चीज को इस इंजीनियर ने बिजनेस मॉडल में बदल दिया है. नाम है रवि, पटना के रहने वाले हैं. राजधानी के रूपसपुर में इन्होंने ‘समोसा किंग’ नाम से अपनी दुकान शुरू की और देखते-देखते आज ये सिर्फ दुकान नहीं, बल्कि एक ब्रांड बनता जा रहा है. लोकल 18 से बात करते हुए रवि कहते हैं कि ‘समोसा किंग’ उनका स्टार्टअप है, और प्लान है कि आने वाले समय में इसे बिहार के हर जिले में एक्सपैंड किया जाए. जल्द ही इसकी फ्रैंचाइजी आने वाली है.
राजधानी पटना के रूपसपुर स्थित समोसा किंग नाम का यह आउटलेट आज पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है. खास बात यह है कि यहां सिर्फ आलू वाला बेसिक समोसा नहीं मिलता, बल्कि करीब 40 तरह के यूनिक फ्लेवर वाले समोसे मिलते हैं. मेन्यू में चीज कॉर्न समोसा (₹35 प्रति पीस), पंजाबी पनीर समोसा (₹25 प्रति पीस), तंदूर पनीर समोसा (₹25 प्रति पीस), मलाई पनीर समोसा (₹25 प्रति पीस), मशरूम पनीर समोसा (₹30 प्रति पीस), पिज्जा समोसा (₹20 प्रति पीस), मंचूरियन समोसा (₹22 प्रति पीस), आलू वेज पनीर समोसा (₹13 प्रति पीस), खोया समोसा (₹30 प्रति पीस) और चॉकलेट समोसा (₹30 प्रति पीस) जैसे कई ऑप्शन मौजूद हैं. रवि बताते हैं कि सबसे ज्यादा डिमांड चीज कॉर्न और मलाई पनीर समोसा की है.
ठेले से हुई थी इसकी शुरुआत
पटना के लोगों को यूनिक समोसा खिलाने वाले रवि पेशे से एक मैकेनिकल इंजीनियर हैं. 2018 में उन्होंने अपनी इंजीनियरिंग की डिग्री पूरी की और कैंपस प्लेसमेंट के जरिए गाजियाबाद की एक कंपनी में जॉब जॉइन कर ली. लेकिन लॉकडाउन के दौरान नौकरी छोड़कर वह अपने घर पटना वापस आ गए. रवि बताते हैं, “फोन चलाते समय मैंने किसी को इस तरह का कॉन्सेप्ट करते देखा. लॉकडाउन के समय मैंने खुद समोसा बनाकर घरवालों को खिलाया तो सबको स्वाद बेहद पसंद आया.” इसके बाद परिवार की परमिशन लेकर रवि ने ठेला पर बेचने की शुरुआत कर दी. धीरे-धीरे लोगों को यह स्वाद इतना भाया कि लोग रेगुलर ग्राहक बनते चले गए और लगातार पॉजिटिव फीडबैक मिलने लगा. सालों तक यह मेहनत जारी रही और फिर ठेला से आगे बढ़कर रवि ने ‘समोसा किंग’ के नाम से अपना आउटलेट खोल दिया.
अब फ्रैंचाइजी की बारी
रवि के इस इनोवेशन वाले समोसे के लोग दीवाने हो गए हैं. उनका कहना है कि हर दिन इस आउटलेट पर औसतन 300 से 400 कस्टमर पहुंचते हैं. इसके अलावा फूड डिलीवरी ऐप से भी रोज 100 से ज्यादा ऑर्डर आते हैं. दूर-दूर से लोग अलग-अलग समोसे का स्वाद चखने के लिए पहुंचते हैं. मीडिया पर भी इस दुकान की खूब चर्चा होती है. रवि कहते हैं कि मेरा सपना है कि समोसा किंग का कम से कम एक आउटलेट बिहार के हर जिले में हो. इसके लिए जल्द ही फ्रैंचाइजी की शुरुआत करने वाले हैं.
with more than more than 5 years of experience in journalism. It has been two and half year to associated with Network 18 Since 2023. Currently Working as a Senior content Editor at Network 18. Here, I am cover…और पढ़ें
with more than more than 5 years of experience in journalism. It has been two and half year to associated with Network 18 Since 2023. Currently Working as a Senior content Editor at Network 18. Here, I am cover… और पढ़ें
.