1 लाख से शुरू किया बिजनेस, अब जौनपुर की पिंकी हर महीने कर रहीं 3 लाख की बिक्री

Last Updated:

Jaunpur News: कहते हैं कि मन में जज्बा हो तो बड़ी मुश्किलों से लड़कर भी सफलता हासिल कर ली जाती है. ऐसी ही कहानी है जौनपुर की रहने वाली पिंकी मौर्य की. पिंकी ने मात्र एक लाख रुपए की छोटी सी पूंजी से फिनायल सहित कई घरेलू उपयोग के प्रोडक्ट बनाने का काम शुरू किया और आज वह हर महीने करीब 3 लाख रुपए तक की बिक्री कर रही हैं.

जौनपुर: जिले की रहने वाली पिंकी मौर्य ने यह साबित कर दिया है कि अगर इरादे मजबूत हों, तो कम पूंजी में भी बड़ा कारोबार खड़ा किया जा सकता है. पिंकी ने मात्र एक लाख रुपए की छोटी सी पूंजी से फिनायल सहित कई घरेलू उपयोग के प्रोडक्ट बनाने का काम शुरू किया और आज वह हर महीने करीब 3 लाख रुपए तक की बिक्री कर रही हैं. इसमें से लगभग 40 हजार रुपए तक का शुद्ध मुनाफा भी कमा रही हैं.

पिंकी मौर्य की कहानी उन महिलाओं के लिए प्रेरणा है, जो घर बैठे कुछ करना चाहती हैं, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण कदम नहीं बढ़ा पातीं. शुरुआत में उन्होंने खुद ही फिनायल, फ्लोर क्लीनर, हैंडवॉश जैसे प्रोडक्ट बनाना सीखा. इसके लिए उन्होंने स्थानीय स्तर पर ट्रेनिंग ली और इंटरनेट के जरिए भी जानकारी जुटाई. धीरे-धीरे उन्होंने अपने प्रोडक्ट की गुणवत्ता बेहतर की और आसपास के दुकानदारों से संपर्क कर सप्लाई शुरू कर दी.

प्रोडक्ट की अब तेजी से मांग
पिंकी ने बताया कि शुरुआत आसान नहीं था. बाजार में पहले से बड़े-बड़े ब्रांड मौजूद थे, लेकिन पिंकी ने कम कीमत और अच्छी गुणवत्ता के दम पर अपनी पहचान बनाई. उन्होंने अपने प्रोडक्ट की पैकेजिंग पर भी ध्यान दिया, जिससे ग्राहकों का भरोसा बढ़ा. आज उनके बनाए प्रोडक्ट जौनपुर के कई इलाकों में बिक रहे हैं और मांग लगातार बढ़ रही है.

कच्चा माल आसानी से उपलब्ध
पिंकी बताती हैं कि इस काम को शुरू करने के लिए ज्यादा बड़ी फैक्ट्री या भारी मशीनरी की जरूरत नहीं होती. थोड़ी सी जगह, बेसिक उपकरण और सही जानकारी के साथ यह बिजनेस आसानी से शुरू किया जा सकता है. खास बात यह है कि इसमें कच्चा माल भी आसानी से उपलब्ध हो जाता है और उत्पादन लागत कम रहती है.

आज पिंकी न सिर्फ खुद आत्मनिर्भर बनी हैं, बल्कि अपने साथ अन्य महिलाओं को भी रोजगार देने की दिशा में काम कर रही हैं. उनका लक्ष्य है कि आने वाले समय में वह अपने व्यवसाय को और बड़ा करें और ज्यादा से ज्यादा लोगों को इससे जोड़ें.

कम निवेश में होगी अच्छी कमाई
यह बिजनेस उन लोगों के लिए एक बेहतरीन विकल्प बन सकता है, जो कम निवेश में अच्छी कमाई करना चाहते हैं. अगर सही योजना और मेहनत के साथ शुरुआत की जाए तो यह काम महीने में अच्छा मुनाफा दे सकता है. पिंकी मौर्य की सफलता इस बात का उदाहरण है कि छोटे स्तर से शुरू होकर भी बड़ा मुकाम हासिल किया जा सकता है.

About the Author

आर्यन सेठ

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *