रीवा के बैकुण्ठपुर में बाइक रिपेयरिंग दुकान में चिंगारी से आग लगी, कई मोटरसाइकिलें और सामान जलकर खाक, संचालक को डेढ़ लाख का नुकसान, दमकल ने आग पर काबू …और पढ़ें
HighLights
- रिपेयरिंग के दौरान चिंगारी से दुकान में अचानक आग लगी
- पेट्रोल के संपर्क में आते ही आग ने विकराल रूप लिया
- कई मोटरसाइकिलें और स्पेयर पार्ट्स जलकर पूरी तरह खाक
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। जिले के बैकुण्ठपुर कस्बे में मंगलवार दोपहर एक टू-व्हीलर रिपेयरिंग की दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि दुकान में रखी कई मोटरसाइकिलें और रिपेयरिंग का सारा सामान जलकर खाक हो गया। इस हादसे में दुकान संचालक को करीब 1.5 लाख रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब बैकुण्ठपुर स्थित ‘हुसैन मोटर्स पार्ट्स’ की दुकान में एक बाइक की रिपेयरिंग का काम चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शी और बाइक मालिक उमाशंकर मिश्रा, जो ग्राम नदना के निवासी हैं, ने बताया कि वह अपनी बाइक बनवाने के लिए दुकान पर आए थे। रिपेयरिंग के दौरान जब दुकान संचालक मेहताब खान ने पेट्रोल साफ करने के बाद बाइक में किक मारी। इसी दौरान अचानक एक चिंगारी निकली। पेट्रोल के संपर्क में आते ही चिंगारी ने आग पकड़ ली और कुछ ही सेकंड में पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।
लाखों का सामान जलकर हुआ राख
आग इतनी तेजी से फैली कि वहां मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। दुकान संचालक मेहताब खान ने बताया कि आग की लपटों ने दुकान के भीतर रखे स्पेयर पार्ट्स, टायर और ग्राहकों की मरम्मत के लिए आई अन्य मोटरसाइकिलों को पूरी तरह जला दिया है। उन्होंने बताया कि इस हादसे में उनका लगभग 1.5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। बाइक मालिक उमाशंकर मिश्रा ने बताया कि उनकी गाड़ी अब केवल लोहे का ढांचा रह गई है, उसमें कुछ भी शेष नहीं बचा है।
दमकल की टीम ने पाया काबू
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, जब तक दमकल की टीम आग बुझाने में सफल होती, तब तक दुकान का अधिकांश कीमती सामान और वाहन जल चुके थे।
.