Snake Prevention Tips: बरसात का मौसम जहां राहत और ठंडक लेकर आता है, वहीं कई तरह की मुश्किलें भी खड़ी कर देता है. इनमें से एक है घरों में सांप का आना. जैसे ही चारों तरफ नमी, गीलापन और ठंडी हवाएं बढ़ती हैं, वैसे ही सांप सुरक्षित जगह की तलाश में घरों की ओर रुख करते हैं. अक्सर लोगों की हालत तब खराब हो जाती है जब अचानक घर के किसी कोने में सांप नजर आ जाए. दरअसल, सांप अंधेरी, ठंडी और शांत जगहों को पसंद करते हैं और यही वजह है कि बरसात में उनका छिपना ज्यादा आसान हो जाता है, अगर आप जानते हों कि घर के कौन-से कोने सांपों के फेवरेट होते हैं, तो सतर्क रहकर खतरे को टाला जा सकता है.
सांप ज्यादातर ऐसी जगहों को चुनते हैं जहां शोरगुल कम हो और उन्हें कोई परेशान न करे. पलंग या भारी फर्नीचर के नीचे अंधेरा और ठंडक रहती है, जो उनके लिए सही जगह होती है. इसलिए बरसात में रोजाना इन जगहों की सफाई करना बेहद जरूरी है, अगर घर में बच्चे हैं, तो उन्हें पलंग के नीचे खेलने से जरूर रोकें.
बाल्टी और टब के अंदर
अक्सर लोग बाल्टियों और टब को खाली छोड़कर उल्टा रख देते हैं, ये जगहें सांपों के लिए छिपने की आदर्श जगह बन जाती हैं. विशेषज्ञों ने कई बार इन बर्तनों के अंदर सांपों को पाया है. इसलिए कोशिश करें कि बाल्टी और टब हमेशा सीधा और इस्तेमाल के बाद ढका हुआ हो.
गार्डन और लॉन
घर के बाहर या आंगन में अगर घास ज्यादा बड़ी हो गई हो या कूड़ा जमा हो, तो यह सांपों को छिपने का मौका देता है. पेड़-पौधों की जड़ों और घनी झाड़ियों के बीच सांप आसानी से छिप सकते हैं. बरसात में गार्डन की सफाई पर खास ध्यान दें और पौधों की समय-समय पर कटाई करते रहें.
स्टोर और घर के कोने
स्टोर रूम, पुराना सामान और अंधेरी जगहें सांपों की पसंदीदा जगह होती हैं. बरसात के दिनों में यह खतरा और ज्यादा बढ़ जाता है. पुराने डिब्बे, अखबार या कपड़े एक जगह इकट्ठा न करें. इन जगहों पर हमेशा रोशनी और सफाई बनाए रखें.
फिनायल या एसिड का छिड़काव
विशेषज्ञ मानते हैं कि सांप तीखी गंध वाली चीजों से दूरी बनाते हैं. इसलिए घर के कोनों, गार्डन, स्टोर और मुख्य दरवाजों पर फिनायल या फिनायल-एसिड का मिश्रण छिड़कें. यह तरीका सांपों को घर के पास आने से रोकता है.
पेड़-पौधों वाली जगह
अगर आपके घर के पास ज्यादा पेड़-पौधे हैं, तो उनकी कटाई और सफाई जरूर करते रहें. घनी झाड़ियों और गीली मिट्टी के बीच सांप जल्दी छिप जाते हैं, अगर पेड़-पौधे ज्यादा हैं, तो बच्चों को वहां खेलने से जरूर मना करें.
सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव
बरसात में सांपों से बचने का सबसे आसान तरीका है सतर्क रहना. घर के हर कोने पर नजर रखें, बच्चों को सतर्क करें और नियमित सफाई करते रहें, अगर कभी घर में सांप दिख जाए, तो खुद से पकड़ने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत विशेषज्ञ की मदद लें.
.