पिछले महीने भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर महिला ODI वर्ल्ड कप 2025 का खिताब जीता था. इस वर्ल्ड कप जीत को सेलिब्रेट करने भारतीय टीम के खिलाड़ी बहुत जल्द कपिल शर्मा के कॉमेडी शो में आने वाले हैं. शो पर आने वाले खिलाड़ियों में कप्तान हरमनप्रीत कौर, जेमिमा रोड्रीग्स, रिचा घोष और प्रतिका रावल समेत अन्य कई प्लेयर्स आने वाले हैं. मगर स्मृति मंधाना शायद इस एपिसोड का हिस्सा नहीं होंगी.
कपिल शर्मा शो के जिस एपिसोड में भारतीय टीम के प्लेयर्स आएंगे, उसका हाल ही में एक प्रोमो वीडियो जारी किया गया. दरअसल इस वीडियो में स्मृति मंधाना कहीं भी नजर नहीं आईं. स्मृति महिला वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रही थीं, मगर पिछले दिनों अपनी शादी टूटने की खबरों के कारण चर्चा में रहीं.
कपिल शर्मा ने अपने शो पर हरमनप्रीत कौर से उस संबंध में भी सवाल पूछा, जब उन्होंने ट्रॉफी उठाने से पहले भांगड़ा नाच किया था. इस पर जेमिमा रोड्रीग्स ने कहा, “हैरी दीदी हम लोगों की बात नहीं सुनती है. पर स्मृति ने बोला था कि अगर भांगड़ा नहीं किया मैं जिंदगी भर बात नहीं करूंगी.”
भारतीय क्रिकेटरों का यह एपिसोड 27 दिसंबर को रात 8 बजे नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया जाएगा. इस एपिसोड में सुनील ग्रोवर और कृष्णा अभिषेक, करन-अर्जुन के रोल में दिखेंगे जबकि कीकू शारदा, मां के किरदार में दिखेंगे. दूसरी ओर प्रोमो वीडियो में स्मृति मंधाना के नजर ना आने से सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई है.
महिला ODI वर्ल्ड कप 2025 में स्मृति मंधाना ने 9 पारियों में 54.25 के बढ़िया औसत से 434 रन बनाए थे. वहीं हाल ही में उन्होंने महिला अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट इतिहास में 4000 रन पूरे किए हैं, वो ऐसा करने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर हैं.
यह भी पढ़ें:
.