सिंघार बोले- बीजेपी आदिवासी को सरसंघचालक क्यों नहीं बनाती: ‘आदिवासी हिंदू नहीं’ बयान पर कायम; CM ने कहा- कांग्रेस हमेशा हिंदुत्व का विरोध करती है – Bhopal News

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के छिंदवाड़ा में ‘आदिवासी हिंदू नहीं’ वाले बयान पर राजनीति तेज हो गई है। इस मुद्दे पर भास्कर से बातचीत करते हुए सिंघार ने यहां तक कहा कि बीजेपी को आदिवासियों से इतना ही प्रेम है तो बताए कि आदिवासी को सरसंघचालक कब बनाएगी?

.

बता दें, सिंघार ने छिंदवाड़ा में कहा था कि गर्व से कहो- हम आदिवासी हैं, हिंदू नहीं। मैं कहता हूं, शबरी ने राम को बेर खिलाए थे, वह शबरी आदिवासी थी। सिंघार ने कहा कि आदिवासी नेताओं को केवल अपने परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के उत्थान के लिए काम करना चाहिए।

सिंघार के बयान पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा- कांग्रेस हमेशा हिंदू और हिंदुत्व के विरोध में ही काम करती है। राहुल गांधी ने हिंदुत्व का मजाक बनाया। हिंदुओं के बारे में जिस ढंग से बात रखी, वो उनका अपना बचकाना पन था। इसी बात को मणिशंकर अय्यर ने अलग ढंग से कहा, उनकी अपनी थ्योरी, वो जानें। उसी परंपरा में स्टालिन से लेकर रेवंत रेड्‌डी तक सनातन को मच्छर डेंगू, न जाने क्या-क्या बोलते रहे।

अब हमारे यहां के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार कह रहे हैं आदिवासियों में हिंदुत्व नहीं हैं। कमाल हो गया, शर्म आती है। ऐसा नहीं होना चाहिए। राजनीति जरूर करो, लेकिन हिंदुत्व पर प्रश्न उठाना, ये जनता माफ नहीं करेगी।

BJP बोली- आदिवासियों के गले में क्रॉस लटकाने का पाप मत करो सिंघार के इस बयान पर हुजूर से बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा- आदिवासी के गले में क्रॉस लटकाने और सोनिया गांधी को खुश करने के लिए उमंग जी पाप मत करो। हिंदुस्तान आपसे नाराज हो जाएगा। आदिवासी हमारी सभ्यता के ध्वजवाहक हैं। आजादी की लड़ाई में लोहा लेने वाला आदिवासी समाज, जय जोहार का जयकारा लगाने वाला समाज, बड़े देव को पूजने वाला आदिवासी समाज हमारी आत्मा है।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बुधवार को छिंदवाड़ा में कहा-गर्व से कहो हम आदिवासी हैं, हिंदू नहीं।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बुधवार को छिंदवाड़ा में कहा-गर्व से कहो हम आदिवासी हैं, हिंदू नहीं।

विवाद बढ़ने के बाद दैनिक भास्कर ने ‘हम आदिवासी हैं, हिंदू नहीं’​ वाले ​​​​​​बयान को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से बातचीत की…

भास्कर: बीजेपी कह रही है कि आप सोनिया गांधी का एजेंडा चलाकर आदिवासियों के गले में क्रॉस लटकाना चाहते हैं? उमंग सिंघार: भारतीय जनता पार्टी हमेशा मुद्दों को भटकाने की राजनीति करती है। मैंने जो बयान दिया है, वह आदिवासी समाज की भावना को व्यक्त करता है। आदिवासी समाज की रीति-रिवाज और संस्कृति उसकी अपनी धरोहर हैं, जो सदियों से चली आ रही हैं। जिसके आधार पर हम कह सकते हैं कि संविधान में उन्हें मूल निवासी के रूप में कहा गया है। संविधान में यह भी उल्लेखित है कि उनकी रीति-रिवाज और धार्मिक परंपराएं अलग रहेंगी और उन्हें हिंदू एक्ट में नहीं जोड़ा जाएगा। यह तो संविधान की बात है।

सिंघार ने आगे कहा कि इसमें सुप्रीम कोर्ट ने कई फैसले दिए और टिप्पणियां की। क्या भाजपा संविधान बदलना चाहती है? क्या भाजपा सुप्रीम कोर्ट की अवमानना कर रही है? ये आरएसएस का एजेंडा है, जो भाजपा चलाती है। आरएसएस के एजेंटों के जरिए बयान करवाती है। हम प्रकृति पूजक हैं, अगर हम आदिवासी समाज सूर्य की पूजा करते हैं, आदिवासी समाज पेड़-पौधों की पूजा करता है तो उनको आपत्ति क्या है?

भास्कर: मंत्री दुर्गादास उईके ने कहा है कि सनातन की जडे़ें जनजातीय समाज से निकलीं हैं? उमंग सिंघार: ये सब जानते हैं, पूरा देश जानता है कि सनातन धर्म कब आया। मैं समझता हूं कि मूलवासी को लेकर पूरा देश और पूरा विश्व जानता है। संयुक्त राष्ट्र संघ ने 9 अगस्त को आदिवासियों के सम्मान के लिए आदिवासी दिवस की घोषणा भी एक सम्मान के रूप में की। मैं समझता हूं कि ये बहस का मुद्दा नहीं हैं। महत्वपूर्ण ये है कि हर समाज को जो अधिकार, अपने धर्म और संस्कृति को बचाने के लिए संविधान में मिले हैं, तो वह उसको करने देना चाहिए।

भास्कर: आदिवासी क्षेत्रों में आरएसएस सामाजिक समरसता के लिए काम कर रहा है? उमंग सिंघार: सिर्फ और सिर्फ वोट की राजनीति करते हैं। इन्हें आदिवासियों की संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से कोई मतलब नहीं है। मैं कहना चाहता हूं कि क्या भाजपा आदिवासियों के त्योहार को बंद कराएगी? क्या भगोरिया बंद कराएगी? जो कर्मा पूजा झारखंड, मप्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल में होती है, क्या वो पूजा बंद कराना चाहती है? तो भाजपा अपना हिंदू एजेंडा लागू करना चाहती है। लेकिन हम सभी समाज को साथ लेकर सम्मान के साथ रहना चाहते हैं। बीजेपी वोट की राजनीति में समाजों के टुकड़े कर रही है।

इससे जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… 1. नेता प्रतिपक्ष बोले-गर्व से कहो हम आदिवासी हैं, हिंदू नहीं मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बुधवार को छिंदवाड़ा में कहा कि गर्व से कहो हम आदिवासी हैं, हिंदू नहीं। मैं कहता हूं शबरी ने राम को बेर खिलाए थे, वह शबरी आदिवासी थी। पढ़ें पूरी खबर…

2. केंद्रीय मंत्री बोले- सिंघार ने सामाजिक समरसता काे नुकसान पहुंचाया

बैतूल में जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उईके ने सिंघार के बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे सामाजिक समरसता और एकता को नुकसान पहुंचाने वाला बताया। राज्यमंत्री दुर्गादास उईके ने कहा कि सिंघार को अपने इस बयान के लिए जनजाति समाज से माफी मांगनी चाहिए। पढ़ें पूरी खबर…

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *