Last Updated:
Pubic Hair Hygiene Tips: प्यूबिक हेयर को समय-समय पर रिमूव करना जरूरी होता है. अगर साफ-सफाई का ध्यान नहीं रखेंगे, तो फंगल इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाएगा. डॉक्टर की मानें तो प्यूबिक हेयर को हटाते वक्त अत्यधिक सावधानी बरतनी चाहिए. आप अपनी सुविधा के अनुसार प्यूबिक हेयर की वैक्सिंग या शेविंग कर सकते हैं.
प्यूबिक हेयर हटाने के लिए शेविंग या वैक्सिंग कर सकते हैं.
Tips To Remove Pubic Hair: शरीर की नियमित रूप से साफ-सफाई बेहद जरूरी होती है. लापरवाही करने पर कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं. हमारी बॉडी का प्राइवेट पार्ट का एरिया सबसे ज्यादा सेंसिटिव माना जाता है. इस हिस्से को लेकर लोगों के मन में कई तरह के सवाल रहते हैं. अधिकतर लोग प्यूबिक हेयर यानी प्राइवेट पार्ट के आसपास के बालों की सफाई को लेकर कंफ्यूज रहते हैं. कुछ लोग इन्हें पूरी तरह हटाना जरूरी मानते हैं, तो कुछ लोग इन्हें रिप्रोडक्टिव हेल्थ के लिए नेचुरल प्रोटेक्शन मानते हैं. ऐसे में यह जानना जरूरी हो जाता है कि प्यूबिक हेयर हटाना सही है या नहीं?
यूपी के कानपुर स्थित GSVM मेडिकल कॉलेज के डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. युगल राजपूत ने News18 को बताया कि प्यूबिक हेयर का काम इस सेंसिटिव एरिया को बाहरी घर्षण, धूल और कुछ हद तक संक्रमण से बचाना होता है. हालांकि इसका यह मतलब नहीं है कि इन्हें लंबे समय तक बिल्कुल भी साफ न किया जाए. गर्मी और बरसात के मौसम में इस हिस्से में पसीना ज्यादा आता है, जो बालों में जमा होकर गंदगी बढ़ा सकता है. अगर समय पर सफाई न हो, तो बैक्टीरियल या फंगल इंफेक्शन का खतरा बढ़ता है.
डॉक्टर का कहना है कि रोज नहाना, साफ अंडरगारमेंट पहनना और पसीने के बाद कपड़े बदलना इस एरिया को स्वस्थ रखने में मदद करता है. साफ-सफाई का ध्यान रखा जाए, तो बिना बाल हटाए भी किसी तरह की समस्या नहीं होती है. हालांकि जो लोग प्यूबिक हेयर हटाने का फैसला करते हैं, उन्हें इसमें अत्यधिक सावधानी बरतनी चाहिए. गलत तरीके से बाल हटाने पर त्वचा पर कट, जलन, रैशेज और इंफेक्शन हो सकता है. शेविंग या वैक्सिंग के दौरान लगने वाले छोटे-छोटे घाव सेंसिटिव स्किन के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं, क्योंकि इनसे बैक्टीरिया आसानी से शरीर में प्रवेश कर सकते हैं.
एक्सपर्ट ने बताया कि प्यूबिक हेयर हटाने हों, तो सबसे पहले उन्हें ट्रिम करना बेहतर होता है. इसके बाद गुनगुने पानी से नहाने से त्वचा मुलायम हो जाती है और कट लगने का खतरा कम होता है. अच्छी क्वालिटी की शेविंग क्रीम या जेल का इस्तेमाल करना चाहिए. इस्तेमाल किया जाने वाला रेजर साफ और सुरक्षित होना चाहिए. शेविंग के बाद इस एरिया को अच्छी तरह धोकर मॉइस्चराइजर लगाना चाहिए, ताकि जलन और सूखापन न हो. जिन लोगों की त्वचा ज्यादा सेंसिटिव है या पहले से कोई स्किन प्रॉब्लम है, उन्हें प्यूबिक हेयर हटाने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लेनी चाहिए.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें