Last Updated:
Indore News: महू के एक अस्पताल संचालक के परिवार को जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकी मिलने का मामला सामने आया है. कथित तौर पर गैंग के शूटर बताए जा रहे हैरी बॉक्सर ने इंटरनेट कॉल के जरिए व्यापारी से पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है. पीड़ित की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है.
हैरी बॉक्सर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शूटर है.
रिपोर्ट- मिथिलेश गुप्ता, इंदौर. मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के पास स्थित महू से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक व्यापारी को फोन पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी मिली है. व्यापारी से पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है. धमकी मिलने के बाद पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है. व्यापारी ने फौरन इसकी सूचना पुलिस को दी. व्यापारी ने एडिशनल एसपी कार्यालय महू में आवेदन देकर अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है. शिकायत मिलने के बाद किशनगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मामले की जांच में जुटी पुलिस की साइबर टीम
अस्पताल संचालक के बेटे की शिकायत पर इंदौर के किशनगंज थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351 (4) और 308(5) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस की साइबर टीम मामले की जांच में जुट गई है और इंटरनेट कॉल की लोकेशन और तकनीकी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा. ग्रामीण एसडीओपी उमाकांत चौधरी ने इस बारे में कहा कि केस दर्ज कर प्राथमिक जांच शुरू कर दी गई है. सभी संभावित एंगल से मामले को देखा जा रहा है. पुलिस टीम यह सुनिश्चित करने में जुटी है कि पीड़ित परिवार को पूरी सुरक्षा मुहैया कराई जाए.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.
.