रीवा में घर में अकेली 12 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास, आरोपी शकील खान गिरफ्तार

शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक 12 वर्षीय मासूम बच्ची को दरिंदगी का शिकार बनाने की कोशिश की गई। …और पढ़ें

Publish Date: Fri, 03 Apr 2026 04:14:56 PM (IST)Updated Date: Fri, 03 Apr 2026 04:14:56 PM (IST)

12 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास(सांकेतिक फोटो)

नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक 12 वर्षीय मासूम बच्ची को दरिंदगी का शिकार बनाने की कोशिश की गई। हालांकि, बच्ची की बहादुरी और सूझबूझ के कारण आरोपी अपने नापाक मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

बाजार गए थे माता-पिता, घर में अकेली थी मासूम

घटना 2 अप्रैल की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता के माता-पिता मेहनत-मजदूरी करते हैं और ठेला लगाकर खाने-पीने का सामान बेचते हैं। घटना वाले दिन जब बच्ची के माता-पिता कुछ जरूरी सामान खरीदने के लिए बाजार गए हुए थे, तब 12 वर्षीय बच्ची घर पर बिल्कुल अकेली थी।

फ्रूटी खरीदने के बहाने घर में घुसा आरोपी

कोतवाली थाना प्रभारी श्रृगेश सिंह राजपूत ने बताया कि आरोपी की पहचान घोघर निवासी शकील खान के रूप में हुई है। आरोपी शकील खान फ्रूटी खरीदने के बहाने बच्ची के घर पहुँचा। चूंकि घर के बाहर लगे ठेले पर फ्रूटी उपलब्ध नहीं थी, इसलिए बच्ची उसे लेने के लिए घर के अंदर रखे फ्रिज की ओर गई। इसी का फायदा उठाकर आरोपी शकील खान भी घर के भीतर दाखिल हो गया।

बच्ची की बहादुरी ने आरोपी को भागने पर किया मजबूर

अंदर पहुंचते ही आरोपी ने मासूम को अकेला पाकर उसके साथ जबरदस्ती शुरू कर दी और दुष्कर्म का प्रयास किया। जब बच्ची ने शोर मचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसका मुँह दबाकर उसे चुप कराने का प्रयास किया। लेकिन बच्ची ने हार नहीं मानी और पूरी ताकत से विरोध करना जारी रखा। बच्ची के लगातार चिल्लाने और कड़े विरोध से आरोपी घबरा गया। उसे लगा कि शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो सकते हैं, जिसके बाद वह मौके से भाग खड़ा हुआ।

2 घंटे में पकड़ा गया आरोपी

परिजनों के घर लौटने पर बच्ची ने आपबीती सुनाई, जिसके बाद तत्काल थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने विशेष टीम का गठन किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 2 घंटे के भीतर घेराबंदी कर आरोपी शकील खान को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। शहर के लोगों ने बच्ची की बहादुरी की सराहना की है।

यह भी पढ़ें- परीक्षा देने भोपाल आई युवती को नौकरी के नाम पर फंसाया, शहर में कमरा दिलवाकर आरोपी ने किया दुष्कर्म

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *