वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार घायल
सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के ग्राम पटना में शनिवार सुबह करीब 11 बजे एक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने एक स्कूटी सवार को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
.
घायल व्यक्ति को स्थानीय लोगों की मदद से प्राथमिक उपचार के लिए बघवार स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर किया गया, जहां उसे भर्ती किया गया है। घायल की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी काफी दूर जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शी प्रेमनाथ दुबे ने बताया, “मैं सड़क किनारे से बघवार की ओर जा रहा था, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। हमने तुरंत लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया।
रामपुर नैकिन थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी ने बताया कि हादसे की सूचना मिली है और घायल को इलाज के लिए रीवा भेजा गया है। उन्होंने कहा, “घायल की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। घटना के संबंध में आवेदन या शिकायत दर्ज होने पर वाहन चालक और वाहन का पता लगाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
.