नईदुनिया प्रतिनिधि,रीवा। जिले से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहाँ बोर्ड परीक्षा की ड्यूटी के दौरान एक शासकीय स्कूल के भृत्य (प्यून) की अचानक दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब वह अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए पुलिस थाने में परीक्षा के प्रश्न पत्र लेने पहुंचे थे।
इस अचानक हुई मृत्यु से शिक्षा विभाग और स्थानीय इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हृदय विदारक घटना गुरुवार सुबह रीवा के बैकुंठपुर थाना परिसर की है।
मृतक की पहचान आदित्य कुमार नामदेव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हरदी गांव के निवासी थे और वर्तमान में रीवा में रह रहे थे।
आदित्य कुमार नामदेव शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बैकुंठपुर में भृत्य के पद पर पदस्थ थे।गुरुवार को बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर, वह स्कूल के ही एक शिक्षक श्रवण कुमार निगम के साथ सुबह-सुबह बैकुंठपुर थाने पहुंचे थे।
उनकी जिम्मेदारी थाने के स्ट्रांग रूम से बोर्ड परीक्षा के गोपनीय प्रश्न पत्रों को सुरक्षित निकलवाकर स्कूल तक पहुँचाने में मदद करना था।
खड़े-खड़े जमीन पर गिरे आदित्य
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, जब आदित्य कुमार नामदेव थाने के भीतर पेपर लेने की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे थे, तभी अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा। दर्द इतना भयानक था कि वह संभल भी नहीं पाए और देखते ही देखते पुलिसकर्मियों और अपने साथी शिक्षक के सामने जमीन पर गिर पड़े।
.