Last Updated:
Sidhi News: इस योजना में नवजात से लेकर 18 साल तक के बेटे के नाम पर माता-पिता खाता खुलवा सकते हैं. अकाउंट खुलवाने के लिए बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र और माता-पिता का आधार कार्ड अनिवार्य है. इस योजना में सालाना कम से कम 500 रुपये और ज्यादा से ज्यादा डेढ़ लाख रुपये तक जमा किए जा सकते हैं.
सीधी. नए साल में अगर आप अपने बेटे के बेहतर भविष्य के लिए सुरक्षित और भरोसेमंद निवेश का विकल्प तलाश रहे हैं, तो पोस्ट ऑफिस की पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) आपके बेटे लिए एक बेस्ट स्कीम साबित हो सकती है. सुकन्या समृद्धि योजना की तर्ज पर डाक विभाग ने बेटों के लिए भी 15 साल की लंबी अवधि वाली सार्वजनिक भविष्य निधि योजना को जोरशोर से प्रमोट करना शुरू कर दिया है. मध्य प्रदेश के सीधी में पोस्ट ऑफिस के संभागीय सहायक अधीक्षक प्रमोद अग्निहोत्री ने लोकल 18 को जानकारी देते हुए कहा कि अब तक बेटियों के लिए सुकन्या समृद्धि योजना उपलब्ध थी, जिसमें 18 वर्ष पूरे होने पर एकमुश्त बड़ी रकम मिल जाती है लेकिन बेटों के लिए ऐसी कोई विशेष योजना नहीं थी. इसी कमी को देखते हुए डाक विभाग ने बेटों के लिए भी PPF खाते को भविष्य निर्माण का मजबूत विकल्प बनाया है.
उन्होंने कहा कि इस योजना में नवजात से लेकर 18 वर्ष तक के बेटे के नाम पर अभिभावक खाता खुलवा सकते हैं. खाता खुलवाने के लिए बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र और माता-पिता का आधार कार्ड जरूरी होगा. इस योजना में सालाना न्यूनतम 500 रुपये और अधिकतम 1.50 लाख रुपये तक जमा किए जा सकते हैं. अगर कोई अभिभावक 500 रुपये प्रतिमाह जमा करता है, तो 15 साल में कुल 90 हजार रुपये जमा होंगे और मैच्योरिटी पर करीब 157785 रुपये मिलेंगे. वहीं पांच हजार रुपये मासिक जमा करने पर 15 साल में 9 लाख रुपये निवेश होंगे, जिन पर करीब 1577841 रुपये की राशि प्राप्त होगी.
सालाना ब्याज 7.1 फीसदी
उन्होंने आगे कहा कि इस योजना की खास बात यह है कि 15 साल की अवधि पूरी होने के बाद इसे पांच वर्ष तक बढ़ाया भी जा सकता है ताकि बच्चे के बालिग होने पर रकम का बेहतर इस्तेमाल किया जा सके. फिलहाल इस योजना पर 7.1 फीसदी सालाना ब्याज दिया जा रहा है, जो पूरी तरह टैक्स फ्री है.
70 रुपये रोज जमा किए तो…
प्रमोद अग्निहोत्री के मुताबिक, अगर कोई अभिभावक रोजाना सिर्फ 70 रुपये की बचत करता है, तो महीने में 2100 रुपये और साल में 25,200 रुपये निवेश कर सकता है. 15 साल में यह रकम करीब 3.75 लाख रुपये होगी, जिस पर ब्याज जोड़ने के बाद मैच्योरिटी पर लगभग 6.78 लाख रुपये मिल सकते हैं. यही वजह है कि पोस्ट ऑफिस की PPF स्कीम बेटे की पढ़ाई और करियर के लिए एक सुरक्षित और स्मार्ट निवेश विकल्प मानी जा रही है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.
.