Last Updated:
इंदौर अग्निकांड के दर्दनाक हादसे ने पूरे देश को गमगीन कर दिया. रिहायशी इलाके में मौजूद एक मकान में भयानक आग लगने से 8 लोगों की जान चली गई. सिलेंडर में आग लगने की वजह से तेज धमाका हुआ था. अब दो युवक ने परिवार के लोगों की जान बचाने की कोशिश भी की और अब भयावह मंजर बताया है.
Indore Fire News: इंदौर के ग्रेटर बृजेश्वरी में हुए हादसे ने 8 लोगों को लील लिया. यहां रात को एक ईवी में चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट के बाद भड़की आग ने पूरे मकान को अपनी जद में ले लिया. आग इतनी भयानक थी कि तीन मंजिला घर में सब कुछ जलकर राख हो गया. घर में सिक्योरिटी के सिस्टम पुख्ता थे गेट पर इलेक्ट्रिक लॉक लगे थे आग की वजह से उन्होंने काम करना बंद कर दिया था और लोग अंदर ही बंद रह गए.
पड़ोसी ने की थी जान बचाने की कोशिश
अपनी जान की परवाह किए बिना पास के ही मोहल्ले में रहने वाले लखन जाधव और दीपक मारु ने जलती आग में ही मकान के अंदर घुसकर लोगों को बचाने की कोशिश की, जिसमें उन्हें भी चोट आईं. दीपक ने बताया कि आग और अफरा तफरी देखकर वह मकान के पास आए, तो यहां से बचाओ-बचाओ की आवाज आ रही थी. चूंकि दरवाजे बाहर से लगे थे. इसलिए सामने से मकान में जाना असंभव था. उन्होंने पीछे से दूसरे की छत से मकान पर जाने की कोशिश की. कड़ी मशक्कत के बाद हथौड़ी से उन्होंने एक दरवाजा तोड़ दिया।
फायर ब्रिगेड ने खोला दरवाजा तो अंदर था भयानक मंजर
लेकिन उसके बाद एक और दरवाजा था जो काफी मजबूत था और अंदर से हाईटेक लॉक होने की वजह से खुल नहीं पा रहा था. इसी बीच आग की लपटें भी उनको परेशान कर रही थी. तभी वहां गैस सिलेंडर भी फट गया, जिससे उन्हें वापस आना पड़ा. बाद में जब फायर ब्रिगेड कर्मियों की मदद से चैनल गेट को खोला गया तो अंदर भयावह मंजर था, जितने लोग घर के अंदर मौजूद हैं कोई भी बच नहीं सका.
फायर ब्रिगेड की टीम को आग बुझाने में लगे दो से ढाई घंटे
गैस टंकी में ब्लास्ट होने के पहले कुछ लोगों की मदद मांगने के लिए आवाज भी आ रही थी, लेकिन उसके बाद आवाज आनी भी बंद हो गई. मकान में आग इतनी भयानक थी कि फायर ब्रिगेड को भी इसे बुझाने में दो से ढाई घंटे लग गए. युवाओं का कहना था कि वह बिना किसी चीज की परवाह की उन लोगों को बचाना चाहते थे लेकिन दुर्भाग्य वश किसी को बचाया नहीं जा सका. उनका यह भी कहना था कि जब कार में आग लगी थी. इस दौरान अगर लोग इसे बुझा देते तो इतना बड़ा हादसा नहीं होता.
.