Sattu Paratha Recipe: सर्दियों का मौसम आते ही सुबह के नाश्ते में कुछ ऐसा खाने का मन करता है जो पेट भी भरे और शरीर को गर्माहट भी दे. ऐसे में सत्तू का पराठा एक परफेक्ट ऑप्शन माना जाता है. खासकर बिहार, झारखंड और पूर्वी यूपी में यह पराठा सालों से खाया जा रहा है. आजकल हेल्दी खाने का ट्रेंड बढ़ने के साथ सत्तू का पराठा बाकी जगहों पर भी काफी पसंद किया जाने लगा है. सत्तू भुने चने से बनता है, इसलिए इसमें प्रोटीन और फाइबर अच्छी मात्रा में मौजूद होते हैं. यही वजह है कि इसे खाने के बाद देर तक भूख नहीं लगती. हालांकि, बहुत से लोग इसे घर पर बनाना चाहते हैं, लेकिन एक ही शिकायत सामने आती है कि पराठा बेलते वक्त या तवे पर डालते ही फट जाता है.
स्टफिंग बाहर आने लगती है और सारा मजा खराब हो जाता है, अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. असल में सत्तू का पराठा फटना कोई बड़ी समस्या नहीं है, बस सही तरीका और कुछ छोटे-छोटे टिप्स अपनाने की जरूरत होती है. इस आर्टिकल में हम आपको बिल्कुल आसान भाषा में बताएंगे कि सत्तू का पराठा कैसे बनाया जाए, किन बातों का ध्यान रखें और किस तरह की स्टफिंग पराठे को फटने से बचाती है.
सत्तू के पराठे में क्या-क्या डालें
-सत्तू -1 कप
-बारीक कटी प्याज -1
-हरी मिर्च -1 से 2 (बारीक कटी)
-हरा धनिया -2 चम्मच
-अदरक -1 चम्मच (कद्दूकस)
-नींबू का रस -स्वाद के हिसाब से
-नमक -स्वाद के हिसाब से
-सरसों का तेल -1 चम्मच
-अजवाइन -आधा चम्मच
-मिर्च का अचार -आधा चम्मच
-गेहूं का आटा -जरूरत के हिसाब से
सत्तू का पराठा बनाने का सही तरीका
1. सबसे पहले एक बड़े बाउल में सत्तू लें. अब इसमें बारीक कटी प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया और कद्दूकस किया हुआ अदरक डालें. इसके बाद नमक, अजवाइन और मिर्च का अचार मिलाएं.
2. अब इस स्टफिंग में सरसों का तेल और नींबू का रस डालें. सब चीजों को अच्छे से मिलाएं. ध्यान रखें कि मिश्रण बिल्कुल सूखा न रहे. जरूरत लगे तो 1–2 चम्मच पानी भी डाल सकते हैं. स्टफिंग हल्की गीली होगी तो पराठा बेलते वक्त नहीं फटेगा.
3. दूसरी तरफ गेहूं के आटे में थोड़ा नमक और पानी डालकर मुलायम आटा गूंध लें. आटा ज्यादा सख्त नहीं होना चाहिए. अब आटे की मध्यम आकार की लोई बनाएं. लोई को थोड़ा फैलाएं और बीच में सत्तू की स्टफिंग रखें.
4. किनारों को धीरे-धीरे ऊपर लाकर बंद करें. हाथ से हल्का दबाते हुए पराठे का शेप दें. अब बेलन से बहुत हल्के हाथ से पराठा बेलें.
5. तवा गरम करें और मध्यम आंच पर पराठा डालें. एक साइड हल्की सिक जाए तो पलट दें. दोनों तरफ अच्छे से सेकें. ऊपर से थोड़ा घी या तेल लगाकर सुनहरा होने तक सेंक लें.
पराठा फटने से बचाने के आसान टिप्स
1. स्टफिंग सूखी न रखें
सत्तू वैसे ही सूखा होता है, इसलिए उसमें तेल या थोड़ा पानी जरूर मिलाएं. सूखी स्टफिंग सबसे बड़ी वजह होती है पराठा फटने की.
2. सरसों का तेल जरूर डालें
सरसों का तेल स्टफिंग को बांधकर रखता है और स्वाद भी दोगुना कर देता है.
3. आटा बहुत सख्त न हो
मुलायम आटा पराठे को आराम से बेलने में मदद करता है. सख्त आटा होने पर पराठा जल्दी टूटता है.
4. बेलते समय जोर न लगाएं
बहुत ज्यादा दबाव डालने से स्टफिंग बाहर आ सकती है. हल्के हाथ से बेलना ही सही तरीका है.
5. आंच मध्यम रखें
तेज आंच पर पराठा जल्दी सिकता है और फटने का डर रहता है.
6. सत्तू के पराठे में कितनी कैलोरी होती है
एक मीडियम सत्तू के पराठे में करीब 180 से 220 कैलोरी होती हैं, अगर आप घी या तेल कम इस्तेमाल करते हैं तो कैलोरी और भी कम हो सकती है. वजन कंट्रोल करने वालों के लिए यह अच्छा ऑप्शन माना जाता है.
क्यों माना जाता है सत्तू का पराठा हाई प्रोटीन नाश्ता
सत्तू भुने चने से बनता है, जिसमें प्रोटीन, फाइबर, आयरन और मैग्नीशियम भरपूर मात्रा में पाया जाता है. यह पेट को लंबे समय तक भरा रखता है और बार-बार भूख नहीं लगने देता. डायबिटीज वाले लोगों के लिए भी यह फायदेमंद माना जाता है क्योंकि इससे शुगर लेवल कंट्रोल में मदद मिलती है. सर्दियों में यह शरीर को अंदर से गर्म रखता है और पाचन को भी बेहतर बनाता है.
सत्तू का पराठा किन चीजों के साथ खाएं
सत्तू का पराठा हरी चटनी, दही, टमाटर की चटनी या आम के अचार के साथ बहुत अच्छा लगता है. चाहें तो ऊपर से थोड़ा मक्खन लगाकर भी खा सकते हैं.
.