रेत से भरे दो ट्रैक्टर बिना रॉयल्टी और ओवरलोड मिले। एसडीएम ने उन्हें रोकने की कोशिश की
भिंड जिले में रेत माफिया के हौसले बुलंद हैं। सोमवार सुबह मिहोना बायपास पर अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई करने पहुंचे लहार एसडीएम की गाड़ी को एक ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन एसडीएम का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिस
.
जानकारी के मुताबिक, लहार एसडीएम विजय सिंह यादव को अवैध रेत परिवहन की सूचना मिली थी। वे सुबह करीब 10.30 बजे मिहोना बायपास पहुंचे। वहां रेत से भरे दो ट्रैक्टर बिना रॉयल्टी और ओवरलोड मिले। एसडीएम ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो एक चालक ने कार्रवाई से बचने के लिए जानबूझकर एसडीएम की गाड़ी में ट्रैक्टर घुसा दिया। टक्कर से अफसर की गाड़ी को नुकसान पहुंचा है।
पुलिस ने थाने में खड़े कराए ट्रैक्टर
घटना के बाद एसडीएम ने तुरंत मिहोना थाना प्रभारी को फोन कर फोर्स बुलाई। पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने घेराबंदी कर दोनों ट्रैक्टरों को पकड़ लिया और थाने में खड़ा करवाया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालकों के खिलाफ अवैध रेत परिवहन, ओवरलोडिंग और शासकीय वाहन को क्षतिग्रस्त करने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
SDM बोले- सख्त कार्रवाई जारी रहेगी
एसडीएम विजय सिंह यादव ने कहा, “अवैध रेत परिवहन में लगे वाहन तेज गति और ओवरलोड के कारण आमजन की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बने हुए हैं। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या दबाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रेत माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”
.