Samsung Galaxy Z Fold 7: 2 लाख वाले फोन को खरीदना फायदे का सौदा या नहीं, क्या है इसमें बढ़ियां?

सैमसंग ने अपना नया Galaxy Z Fold 7 इस महीने के Unpacked इवेंट में लॉन्च किया है. पिछले कुछ सालों से कंपनी अकेली थी जिसने फोल्ड फोन पेश किया, लेकिन धीरे-धीरे और भी कंपनियां इसकी टक्कर में आ गई. यही वजह है कि सबसे अलग रहने के लिए बड़े बदलाव करना जरूरी हो गया. सैमसंग Galaxy Z Fold 7 को एकदम नए अंदाज़ में पेश किया गया है. इसमें हल्के-फुल्के डिज़ाइन, AI फीचर्स और Ultra सीरीज़ जैसा कैमरा शामिल हैं. हालांकि, इसकी कीमत पिछले मॉडल से करीब 10,000 रुपये ज्यादा है. नए गैलेक्सी Z Fold 7 की शुरुआती कीमत 1,74,999 रुपये है. सवाल ये है कि क्या ये अपग्रेड इसे खरीदने लायक बनाते हैं? चलिए जानते हैं.

सैमसंग ने इस बार आखिरकार एक ऐसा Fold बनाया है जो हाथ में कॉम्पैक्ट और हल्का लगे. सैमसंग Galaxy Z Fold 7 का वजन अब सिर्फ 217 ग्राम है, जबकि पिछले Fold 6 का वजन 239 ग्राम था. मोटाई भी कम हो गई है और अब ये ज्यादा प्रीमियम लगता है.

हिंज (hinge) डिज़ाइन को फिर से मजबूत किया गया है, जिससे फोल्ड और अनफोल्ड ज्यादा स्मूद हो गया है. हां, कैमरा मॉड्यूल थोड़ा बाहर निकला हुआ है, जिससे फोन टेबल पर असान तरीके से टिकता है. लेकिन कुल मिलाकर डिज़ाइन पहले से कहीं बेहतर हो गया है.

डिस्प्ले: डुअल स्क्रीन का मज़ा
इसकी बाहरी स्क्रीन अब 6.5 इंच AMOLED पैनल के साथ आती है, जिसमें 120Hz रिफ्रेश रेट और Gorilla Glass Ceramic 2 प्रोटेक्शन है. ये स्क्रीन कॉल्स, मैसेज और सोशल मीडिया स्क्रॉलिंग के लिए काफी काम की है और अब फोन पकड़ना भी आसान लगता है.

अंदर की ओर मिलने वाली बड़ी स्क्रीन अब 8 इंच Dynamic AMOLED है, जिसमें 2600 निट्स ब्राइटनेस और 120Hz सपोर्ट है. अच्छी बात ये है कि अब स्क्रीन पर क्रीज़ लगभग गायब हो गई है, जिससे वीडियो देखने और काम करने का मज़ा दोगुना हो जाता है. कलर्स ब्राइट और नेचुरल लगते हैं, हालांकि बेज़ल थोड़े और पतले होते तो डिस्प्ले और शानदार दिखती.

परफॉर्मेंस और हार्डवेयर
सैमसंग Galaxy Z Fold 7 में नया Snapdragon 8 Elite चिपसेट दिया गया है, जिसे 12GB और 16GB RAM के ऑप्शन और 1TB स्टोरेज तक के साथ पेश किया गया है. चाहे गेमिंग हो, मल्टीटास्किंग हो या हैवी ऐप्स चलाना – फोन हर काम आराम से कर लेता है.

आप कवर स्क्रीन से छोटे काम कर सकते हैं और अनफोल्ड करके मल्टीटास्किंग का पूरा फायदा उठा सकते हैं. गेमिंग के लिए पावर तो है, लेकिन इसका फोल्डेबल डिज़ाइन लंबे समय तक गेमिंग के लिए थोड़ा अजीब लग सकता है.

सॉफ्टवेयर: Android 16 सबसे पहले
Samsung ने Google से पहले ही Android 16 को अपने नए Fold और Flip में दे दिया है. इसके ऊपर कंपनी का One UI 8 इंटरफेस है, जो ज्यादा स्टेबल और स्मूद है.

सैमसंग अब 7 साल के OS और सिक्योरिटी अपडेट्स का वादा कर रहा है, जिसका मतलब है कि आपका Fold 7 लंबे समय तक अप-टू-डेट रहेगा. ये एक बड़ा फायदा है, खासकर इतने महंगे फोन में.

कैमरा भी लाजवाब
इस बार Samsung ने Fold 7 में Ultra सीरीज़ का 20 मेगापिक्सल प्राइमरी कैमरा दिया है. इसके साथ 10 मेगापिक्सल का टेलीफोटो और 12 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा मिलता है. डे-लाइट फोटो काफी डिटेल्ड और नैचुरल कलर्स के साथ आती है. लो-लाइट फोटो भी साफ-सुथरी और शार्प इमेजेज, बिना ज्यादा नॉइज़ के आती है.

फ्रंट कैमरे की बात की जाए तो इसमें 10 मेगापिक्सल सेंसर ठीक-ठाक है, सेल्फी अच्छी आती हैं लेकिन मार्केट में और बेहतर ऑप्शन मिल जाते हैं. कैमरा परफॉर्मेंस Fold सीरीज़ के हिसाब से अब काफी मजबूत हो गया है और यह इसकी बड़ी खासियत बन सकता है.

बैटरी और चार्जिंग
फोन में वही 4,400mAh बैटरी दी गई है जो Fold 6 में थी. ये एक दिन का बैकअप दे देती है लेकिन इससे ज्यादा की उम्मीद नहीं करनी चाहिए. सबसे बड़ी निराशा ये है कि इसमें सिर्फ 25W चार्जिंग सपोर्ट है, जो आज के समय में बहुत स्लो माना जाता है. दूसरी कंपनियां 100W से ज्यादा चार्जिंग दे रही हैं, वहां Fold 7 पीछे रह जाता है.

Galaxy AI और नए फीचर्स
गैलेक्सी Fold 7 में Galaxy AI 3.0 दिया गया है, जो टेक्स्ट ट्रांसलेशन, नोट्स समरी और Google Gemini टूल्स के साथ आता है. ये फीचर्स अच्छे हैं लेकिन अभी भी और सुधार की ज़रूरत है. दूसरी ओर, Samsung ने इस बार S Pen सपोर्ट हटा दिया है, जो कई यूज़र्स को निराश कर सकता है. Fold सीरीज़ S Pen के साथ ज्यादा प्रैक्टिकल लगती थी.

खरीदना चाहिए या नहीं?
Samsung Galaxy Z Fold 7 अब पहले से ज्यादा हल्का, स्लिम और पावरफुल हो गया है. 200 मेगापिक्सल कैमरा, Android 16, शानदार डिस्प्ले और Ultra जैसा एक्सपीरियंस इसकी खूबियां हैं. लेकिन, 4,400mAh बैटरी और सिर्फ 25W चार्जिंग आज की तारीख में बहुत पीछे रह जाती है. साथ ही, S Pen का सपोर्ट हटाना भी गलत फैसला लगता है. अगर आप Fold सीरीज़ का बेस्ट और लेटेस्ट चाहते हैं तो Fold 7 एक शानदार ऑप्शन हो सकता है. लेकिन अगर आपको बैटरी और चार्जिंग ज्यादा चाहिए तो शायद आपको आगे की सीरीज़ के लिए इंतज़ार करना चाहिए.

.

Source link

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *