Sabudana Tikki Recipe: व्रत के दिनों में साबूदाना से बनी डिशेज लगभग हर घर में बनती हैं. इनमें सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली चीज है गरमा-गरम साबूदाना टिक्की. बाहर से कुरकुरी और अंदर से सॉफ्ट टिक्की जब प्लेट में आती है, तो उसका स्वाद सच में दिल खुश कर देता है, लेकिन घर पर इसे बनाते समय कई लोगों को एक ही परेशानी का सामना करना पड़ता है. टिक्की या तो तेल में जाते ही टूट जाती है, या फिर इतनी ज्यादा तेल सोख लेती है कि उसका स्वाद बिगड़ जाता है. अक्सर लोग सोचते हैं कि शायद रेसिपी में ही कोई कमी है, जबकि असली राज छोटे-छोटे किचन टिप्स में छिपा होता है, अगर साबूदाना सही तरीके से भिगोया जाए, आलू का सही इस्तेमाल हो और तेल का तापमान ठीक रखा जाए, तो टिक्की बनाना बिल्कुल मुश्किल नहीं है.
सही तरीके से तैयार की गई साबूदाना टिक्की न सिर्फ क्रिस्पी बनती है बल्कि उसका स्वाद भी लंबे समय तक याद रहता है, अगर आप भी चाहते हैं कि आपकी बनाई हुई साबूदाना टिक्की हर बार परफेक्ट बने, तो इस आसान रेसिपी और खास किचन टिप्स को जरूर नोट कर लें.
साबूदाना टिक्की बनाने के लिए सामग्री
-1 कप साबूदाना
-2 से 3 उबले हुए आलू
-आधा कप भुनी मूंगफली (दरदरी पिसी हुई)
-2 से 3 हरी मिर्च (बारीक कटी)
-2 बड़े चम्मच हरा धनिया (कटा हुआ)
-1 छोटा चम्मच जीरा
-स्वाद के मुताबिक सेंधा नमक
-1 चम्मच नींबू का रस
-टिक्की तलने के लिए तेल या घी
साबूदाना भिगोने का सही तरीका
-साबूदाना टिक्की की सफलता का पहला कदम है साबूदाना सही तरीके से भिगोना. सबसे पहले साबूदाना को 2 से 3 बार पानी से धो लें. इससे उसका अतिरिक्त स्टार्च निकल जाता है.
-अब साबूदाना को एक बर्तन में डालें और इतना ही पानी डालें कि वह बस डूब जाए. ध्यान रखें कि पानी ज्यादा न हो. इसे ढककर करीब 4 से 5 घंटे या रात भर के लिए छोड़ दें. जब साबूदाना फूल जाए, तो वह दाने-दाने अलग दिखेगा और हाथ से दबाने पर नरम लगेगा.
टिक्की का मिश्रण कैसे तैयार करें
-भीगे हुए साबूदाना को एक बड़े बर्तन में डालें. इसमें उबले आलू को अच्छी तरह मैश करके मिलाएं. अब इसमें दरदरी पिसी मूंगफली, हरी मिर्च, हरा धनिया, जीरा, सेंधा नमक और नींबू का रस डाल दें.
-इन सभी चीजों को हाथों से अच्छी तरह मिलाकर हल्का सा गूंध लें. मिश्रण ऐसा होना चाहिए कि उससे टिक्की का आकार आसानी से बन जाए.
-अब हथेलियों पर हल्का सा तेल लगाएं. मिश्रण का थोड़ा हिस्सा लेकर उसे गोल करें और हल्का दबाकर टिक्की का आकार दे दें. ध्यान रखें कि किनारों पर दरार न हो.
टिक्की तलने का सही तरीका
-एक कड़ाही में तेल या घी गरम करें. तेल का तापमान मीडियम से थोड़ा ज्यादा होना चाहिए.
-अब टिक्की को धीरे-धीरे तेल में डालें. टिक्की डालते ही उसे तुरंत न पलटें. जब नीचे की तरफ हल्का सुनहरा रंग आने लगे, तब उसे पलटें.
-दोनों तरफ से गोल्डन ब्राउन होने तक टिक्की तलें. इससे टिक्की बाहर से क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट बनेगी.
परफेक्ट साबूदाना टिक्की के 3 खास किचन टिप्स
1. ठंडे आलू का इस्तेमाल करें
अगर आलू गरम होंगे, तो उनमें नमी ज्यादा रहेगी और टिक्की गीली हो सकती है. इसलिए हमेशा ठंडे आलू का इस्तेमाल करें.
2. मूंगफली जरूर मिलाएं
दरदरी पिसी मूंगफली मिश्रण की नमी को संतुलित करती है. इससे टिक्की कुरकुरी बनती है.
3. तेल का तापमान सही रखें
अगर तेल कम गरम होगा तो टिक्की तेल सोखेगी. बहुत ज्यादा गरम होगा तो बाहर जल जाएगी. इसलिए आंच मीडियम-हाई रखें.
.