Sabudana Kofta Recipe: व्रत पर बनाएं कुरकुरे-नरम साबूदाना कोफ्ते, दही की मसालेदार ग्रेवी संग मिलेगा लाजवाब स्वाद

Sabudana Kofta Recipe: जब कभी व्रत या त्योहार का समय आता है, तो हर घर में खाने को लेकर कुछ खास बनने की चाह होती है. एक तरफ पेट को हल्का रखना होता है और दूसरी तरफ स्वाद में कोई समझौता नहीं करना होता. ऐसे समय में अगर कुछ नया और टेस्टी खाने का मन हो, तो साबूदाना कोफ्ता एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. साबूदाना कोफ्ता न सिर्फ व्रत के अनुकूल है, बल्कि इसका स्वाद इतना अच्छा होता है कि इसे खास मौकों पर भी परोसा जा सकता है. व्रत के दौरान ज्यादातर लोग साबूदाना खिचड़ी, वड़ा या खीर खाते हैं, लेकिन कोफ्ते एक अलग ही ट्विस्ट देते हैं. यह डिश कुरकुरे और नरम दोनों का परफेक्ट कॉम्बिनेशन है, जिसे बच्चे भी बड़े शौक से खाते हैं. इसकी खास बात यह है कि इसे बनाने में बहुत ज्यादा मेहनत नहीं लगती और यह जल्दी तैयार भी हो जाता है. बाहर से हल्के कुरकुरे और अंदर से नरम कोफ्ते, जब दही की मसालेदार ग्रेवी में मिलते हैं, तो जो स्वाद बनता है, वह बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को बेहद पसंद आता है. इसे बनाना मुश्किल नहीं है और ज्यादा सामग्री की जरूरत भी नहीं होती.

सामग्री (2-3 लोगों के लिए)
कोफ्ता के लिए
-साबूदाना – 1 कप (4-5 घंटे भीगा हुआ)
-उबले आलू – 2 (मध्यम आकार के)
-मूंगफली – 2 बड़े चम्मच (भुनी और दरदरी पिसी हुई)
-हरी मिर्च – 1 (बारीक कटी हुई)
-सेंधा नमक – स्वाद अनुसार
-तेल – तलने के लिए

ग्रेवी के लिए
-दही – आधा कप (फेंटा हुआ)
-हल्दी पाउडर – आधा छोटा चम्मच
-लाल मिर्च पाउडर – आधा छोटा चम्मच
-सेंधा नमक – आधा छोटा चम्मच
-घी – 1 बड़ा चम्मच
-हींग – एक चुटकी
-पानी – 1 कप (या ज़रूरत के अनुसार)
-हरा धनिया – सजावट के लिए

ये भी पढ़ें- दही या छाछ के बिना भी कढ़ी में आएगा वही खट्टा और लाजवाब स्वाद, बस अपनाएं ये 5 आसान और असरदार नुस्खे

बनाने का तरीका
कोफ्ता तैयार करें
साबूदाना को 4-5 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दें. जब वह नरम हो जाए, तो छलनी में डालकर पूरा पानी निकाल लें. अब एक बर्तन में साबूदाना, उबले आलू, मूंगफली, हरी मिर्च और सेंधा नमक डालें. सबको अच्छे से मिलाकर छोटे-छोटे गोले बना लें. एक कड़ाही में तेल गर्म करें और इन गोलों को मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें. फिर इन्हें टिशू पेपर पर निकाल लें.

ग्रेवी तैयार करें
एक पैन में घी गर्म करें और उसमें हींग डालें. इसके बाद फेंटा हुआ दही डालें. अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और सेंधा नमक डालें. धीमी आंच पर पकाएं और चलाते रहें ताकि दही फटे नहीं. अगर ग्रेवी ज्यादा गाढ़ी लगे तो थोड़ा पानी मिला सकते हैं.

कोफ्ते मिलाएं
जब ग्रेवी पक जाए, तो तले हुए कोफ्तों को इसमें धीरे-धीरे डालें. 5 मिनट तक ढककर धीमी आंच पर पकाएं ताकि कोफ्ते ग्रेवी का स्वाद ले लें.

परोसें
अब तैयार साबूदाना कोफ्ता को हरे धनिए से सजाएं और गरमा-गरम परोसें. इसे अकेले भी खाया जा सकता है या व्रत वाली रोटी के साथ भी.

कुछ जरूरी बातें
कोफ्तों को फ्राई करते समय आंच मध्यम रखें ताकि वे अंदर तक अच्छे से पक जाएं. दही को ग्रेवी में डालने से पहले अच्छे से फेंट लें ताकि वह फटे नहीं. अगर आप तीखा पसंद करते हैं तो हरी मिर्च की मात्रा बढ़ा सकते हैं.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *