मऊगंज के हनुमना आरटीओ चेक पोस्ट पर बवाल, ट्रक ड्राइवरों ने झोपड़ी में लगाई आग; अवैध वसूली का आरोप

मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा पर हनुमना आरटीओ चेकिंग पॉइंट पर ड्राइवरों ने अवैध वसूली का आरोप लगाकर आरटीओ कर्मचारियों की अस्थायी झोपड़ी और कुर्स …और पढ़ें

Publish Date: Sat, 21 Feb 2026 01:02:11 PM (IST)Updated Date: Sat, 21 Feb 2026 02:24:31 PM (IST)

गुस्से में ड्राइवरों ने आरटीओ कर्मचारियों की अस्थायी झोपड़ी को ही आग के हवाले कर दिया। – प्रतीकात्मक तस्वीर

नईदुनिया प्रतिनिधि, मऊगंज। मऊगंज जिले में स्थित हनुमना आरटीओ चेकिंग पॉइंट पर गत शुक्रवार की देर शाम को उस समय भारी हंगामा हो गया जब ट्रक ड्राइवरों ने आरटीओ कर्मचारियों पर अवैध वसूली और प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि ड्राइवरों ने चेकिंग पॉइंट के पास बनी कर्मचारियों की अस्थाई झोपड़ी और कुर्सियों को आग के हवाले कर दिया।

घटना उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा के समीप हनुमना बॉर्डर की है। जानकारी के अनुसार, आरटीओ द्वारा यहां नियमित चेकिंग पॉइंट लगाया जाता है। गत शुक्रवार को चेकिंग के दौरान कर्मचारियों ने वहां से गुजर रहे दो ट्रकों को जांच के लिए रोका।

वाहनों की लंबी लाइन लग गई

इसी दौरान भैंसोड़ निवासी चालक दीपक यादव अपने एक अन्य साथी के साथ वहां पहुंचा और आरटीओ कर्मचारियों के साथ उसकी तीखी बहस हो गई। ड्राइवरों का आरोप था कि चेकिंग के नाम पर उनसे अवैध वसूली की जा रही है और अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। विवाद के दौरान दीपक ने अपना वाहन बीच सड़क पर खड़ा कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

आगजनी और हंगामा

सड़क जाम होने के बाद देखते ही देखते बड़ी संख्या में अन्य ट्रक चालक भी वहां जमा हो गए। आक्रोशित भीड़ ने आरटीओ कर्मचारियों की मनमानी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हंगामे के दौरान ही कुछ लोगों ने कर्मचारियों की झोपड़ी में आग लगा दी, जिससे वहां रखी कुर्सियां और अन्य सामान जलकर खाक हो गया।

पुलिस की कार्रवाई और मामला दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने उग्र ड्राइवरों को समझाइश देकर शांत कराया और लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद सड़क से ट्रक हटवाकर जाम खुलवाया। इस मामले में आरटीओ चेक पोस्ट प्रभारी की शिकायत पर पुलिस ने दीपक यादव सहित तीन ट्रक ड्राइवरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं ट्रक ड्राइवरों ने चेतावनी दी है कि यदि बॉर्डर पर अवैध वसूली बंद नहीं हुई तो वे फिर से आंदोलन करेंगे।

यह भी पढ़ें : मध्य प्रदेश के 27 जिलों में आज बारिश के आसार, तेज हवाओं से गेहूं की फसल को नुकसान

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *