‘एनसीसी ऑफिस की छत गिरी, घरों के शीशे टूटे’, रीवा में फाइटर जेट की आवाज से धमाके जैसा शोर, ग्रामीणों में दहशत

रीवा में फाइटर जेट के सोनिक बूम से तेज धमाका हुआ, जिससे एनसीसी ऑफिस की छत गिरी, कांच टूटे और लोगों में दहशत फैल गई, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। …और पढ़ें

Publish Date: Wed, 18 Mar 2026 07:31:09 PM (IST)Updated Date: Wed, 18 Mar 2026 07:36:08 PM (IST)

फाइटर जेट की तेज आवाज से इलाके में हड़कंप। (फोटो- एआई जनरेटेड)

HighLights

  1. रीवा के जवा-अतरेला क्षेत्र में जोरदार धमाके जैसी आवाज गूंजी
  2. फाइटर जेट के सोनिक बूम से ध्वनि तरंगों का असर पड़ा
  3. एनसीसी ऑफिस की छत गिरी, कई खिड़कियों के कांच टूटे

नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आसमान में उड़ रहे फाइटर जेट की तेज आवाज (सोनिक बूम) ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। जिले के जवा और अतरेला क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लोगों को एक जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। इस आवाज की तीव्रता इतनी अधिक थी कि जवा स्थित एनसीसी ऑफिस की छत का एक हिस्सा गिर गया। कई घरों की खिड़कियों के कांच टूट गए।

आसमान से गूंजी ‘बम’ जैसी आवाज

जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 10.30 से 11 बजे के बीच जवा, रामबाग, अतरेला और आसपास के दर्जनों गांवों में अचानक एक बहुत तेज धमाका सुनाई दिया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से इलाके के ऊपर फाइटर जेट्स की उड़ानें देखी जा रही थीं, लेकिन आज की आवाज इतनी भीषण थी कि लोगों को लगा जैसे कहीं कोई बड़ा बम ब्लास्ट हुआ हो। इस आवाज के बाद लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए और पूरे क्षेत्र में अफवाहों का बाजार गर्म हो गया।

एनसीसी कार्यालय को पहुंचा नुकसान

  • इस घटना का सबसे ज्यादा असर जवा स्थित एनसीसी कार्यालय पर देखने को मिला। प्रत्यक्षदर्शियों और वहां कार्यरत कर्मचारियों के अनुसार जेट के गुजरते ही हुई तेज ध्वनि तरंगों के कारण कार्यालय की छत भरभरा कर गिर गई। इमारत क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत यह रही कि हादसे के समय वहां कोई मौजूद नहीं था।
  • स्थानीय लोगों ने बताया कि आवाज के प्रभाव से पशु-पक्षी भी बुरी तरह विचलित हो गए। क्षेत्र में बम ब्लास्ट की खबरें फैलने के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन सक्रिय हो गया है। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि यह आवाज फाइटर जेट द्वारा ‘सोनिक बैरियर’ तोड़ने की वजह से हुई थी। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।

चर्चा का विषय बनी घटना

इंटरनेट मीडिया पर भी इस घटना के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसमें ग्रामीण आसमान में उड़ते विमानों को दिखाते हुए अपनी आपबीती सुना रहे हैं। फिलहाल, अतरेला थाना पुलिस और संबंधित विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं, जिससे नुकसान का सही आकलन किया जा सके। इलाके में अभी भी लोग डरे हुए हैं, लेकिन स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *