Roasted Tomato Garlic Chutney: रोज की चटनी से हो गए बोर? ट्राय करें भुनी हुई टमाटर लहसुन की स्मोकी चटनी

Roasted Tomato Garlic Chutney: भारतीय खाने की थाली चटनी के बिना अधूरी सी लगती है. चाहे सुबह का नाश्ता हो या दोपहर का खाना, अगर प्लेट में थोड़ी सी चटनी मिल जाए तो खाने का मजा अपने आप बढ़ जाता है. खासकर पराठा, चावल, दाल, इडली या डोसा के साथ चटनी हो तो हर निवाला और भी स्वादिष्ट लगने लगता है. बाजार में मिलने वाली चटनियां भले ही टेस्टी लगें, लेकिन उनमें प्रिजर्वेटिव और ज्यादा तेल होने की वजह से रोज खाने के लिए सही नहीं मानी जातीं. ऐसे में घर पर बनी ताजी चटनी सबसे अच्छा ऑप्शन होती है. आज हम आपको एक ऐसी चटनी की रेसिपी बता रहे हैं, जो बनाने में बेहद आसान है और स्वाद में कमाल की लगती है. हम बात कर रहे हैं भुनी हुई टमाटर और लहसुन की चटनी की. इस चटनी की खास बात ये है कि इसमें कच्चे टमाटर या लहसुन का तीखापन नहीं रहता, बल्कि भुनने के बाद इनका स्वाद हल्का स्मोकी और बहुत संतुलित हो जाता है.

यह चटनी न सिर्फ पराठे और रोटी के साथ अच्छी लगती है, बल्कि सादे चावल, दाल-चावल और यहां तक कि सैंडविच के साथ भी मजा दोगुना कर देती है, अगर आप रोज-रोज एक ही तरह की हरी या लाल चटनी खाकर बोर हो चुके हैं, तो ये रेसिपी आपके लिए परफेक्ट है. इसे बनाने के लिए ज्यादा सामान या मेहनत की जरूरत नहीं पड़ती. चलिए जानते हैं इस स्वाद से भरपूर भुनी हुई टमाटर लहसुन की चटनी की पूरी विधि.

भुनी हुई टमाटर लहसुन की चटनी बनाने के लिए क्या सामग्री चाहिए?
-टमाटर -3 (मध्यम आकार के)
-लहसुन -6 से 8 कलियां
-सूखी लाल मिर्च -2
-नमक -स्वाद के मुताबिक
-तेल -1 छोटा चम्मच
-जीरा -आधा छोटा चम्मच
-हींग -एक चुटकी (अगर पसंद हो)
-धनिया पत्ती -सजाने के लिए
-नींबू का रस -आधा छोटा चम्मच

भुनी हुई टमाटर लहसुन की चटनी बनाने की आसान विधि
1. इस चटनी को बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन या तवा लें और उसमें एक छोटा चम्मच तेल डालकर हल्का गर्म करें. अब इसमें साबुत टमाटर, लहसुन की कलियां और सूखी लाल मिर्च डाल दें. आंच धीमी रखें और सभी चीजों को आराम से भुनने दें. टमाटर जब चारों तरफ से नरम हो जाएं और उनका छिलका हल्का जलने लगे, तब समझ जाएं कि भुनाई ठीक से हो चुकी है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

2. अब गैस बंद कर दें और भुनी हुई सामग्री को एक प्लेट में निकालकर ठंडा होने दें. ठंडा होने के बाद टमाटर और लहसुन का छिलका आसानी से निकल जाता है, चाहें तो आप छिलका हटा सकते हैं. इससे चटनी का टेस्ट और भी बेहतर हो जाता है.

3. इसके बाद मिक्सर जार में भुने हुए टमाटर, लहसुन, लाल मिर्च और नमक डालें. अब इसे अपनी पसंद के हिसाब से दरदरा या बिल्कुल चिकना पीस लें. अगर आपको ज्यादा खटास पसंद है तो इस स्टेज पर थोड़ा सा नींबू का रस भी डाल सकते हैं.

4. अब तैयार चटनी को एक कटोरी में निकाल लें. इसके बाद एक छोटे पैन में थोड़ा सा तेल गर्म करें. तेल गर्म होते ही उसमें जीरा डालें और जीरा चटकने लगे तो उसमें हींग डाल दें. इस तड़के को तुरंत चटनी के ऊपर डाल दें और अच्छे से मिला लें.

5. लास्ट में ऊपर से थोड़ा सा नींबू का रस डालें और बारीक कटी धनिया पत्ती से सजाएं. आपकी भुनी हुई टमाटर लहसुन की चटनी तैयार है.

इस चटनी को किस-किस के साथ खा सकते हैं?
भुनी हुई टमाटर लहसुन की चटनी की सबसे अच्छी बात ये है कि यह हर तरह के खाने के साथ जम जाती है. आप इसे गरमा-गरम पराठे, सादी रोटी, दाल-चावल, खिचड़ी, इडली, डोसा या उपमा के साथ खा सकते हैं. कई लोग इसे ब्रेड या सैंडविच के अंदर भी लगाते हैं, जिससे टेस्ट एकदम अलग और मजेदार हो जाता है.

चटनी को ज्यादा टेस्टी बनाने के आसान टिप्स
अगर आपको हल्का स्मोकी फ्लेवर पसंद है तो टमाटर और लहसुन को सीधा गैस की आंच पर भी भून सकते हैं. ज्यादा तीखा पसंद करने वालों के लिए सूखी लाल मिर्च की जगह हरी मिर्च भी इस्तेमाल की जा सकती है. चटनी को ज्यादा दिन चलाना हो तो ऊपर से थोड़ा सा सरसों का तेल डालकर फ्रिज में रखें.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *