Rewa News: तेज रफ्तार मैजिक की टक्कर से पिता-बेटी की मौत, पत्नी व दो बच्चों की हालत गंभीर; बाइक पर सवार थे पांचों

रीवा जिले के सगरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार मैजिक वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पिता और उनकी मासूम बेटी की मौत हो गई, जबकि पत्नी और दो बच् …और पढ़ें

Publish Date: Mon, 12 Jan 2026 11:48:17 AM (IST)Updated Date: Mon, 12 Jan 2026 11:48:17 AM (IST)

HighLights

  1. सगरा थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा।
  2. तेज रफ्तार मैजिक ने बाइक को मारी टक्कर।
  3. पिता और मासूम बेटी की मौके पर मौत।

नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। सगरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम लौआ के समीप एक तेज रफ्तार मैजिक वाहन ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में बाइक सवार पिता और उनकी एक मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य पत्नी, एक बेटी और एक बेटा गंभीर रूप से घायल हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम ढेलही निवासी शैलेंद्र विश्वकर्मा अपनी पत्नी पावनी, दो बेटियों (ईशिका और सुरक्षा) और बेटे सत्येंद्र के साथ बाइक पर सवार होकर रीवा जा रहे थे। बाइक पर कुल पांच लोग सवार थे। वे लौआ स्टैंड के पास पहुंचे, तो सामने से आ रहे एक अनियंत्रित तेज रफ्तार मैजिक वाहन के चालक ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी। बाइक सवार सभी लोग सड़क पर दूर जा गिरे।

हादसे में हुए घायल

  • हादसे में शैलेंद्र विश्वकर्मा और उनकी छोटी बेटी ईशिका की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, शैलेंद्र बाइक चला रहे थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना में घायल हुए अन्य सदस्यों की स्थिति भी अत्यंत नाजुक बनी हुई है। शैलेंद्र की पत्नी पावनी, दूसरी बेटी सुरक्षा और बेटा सत्येंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
  • सभी घायलों को तुरंत संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सगरा थाना पुलिस मौके पहुंचकर शवों का पहुंचने दर्ज कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। पुलिस ने मैजिक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल…

मृतक के रिश्तेदार दिनेश विश्वकर्मा ने बताया कि परिवार एक साथ खुशी-खुशी निकला था, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ खत्म कर दिया। अस्पताल के बाहर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने के लिए उचित कदम उठाए जाएं, जिससे भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *