Last Updated:
Sidhi News: लाल आलू में फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स की मात्रा सफेद आलू से ज्यादा होती है. इससे इम्युनिटी मजबूत होती है और शरीर बीमारियों की चपेट में आने से बचता है.
सीधी. मध्य प्रदेश में ठंड बढ़ने के साथ ही सीधी और अन्य जिलों की मंडियों में नए आलू की आवक शुरू हो गई है. इस समय बाजार में हरियाणा, पंजाब और पहाड़ी राज्यों से आए ताजा आलू की भरमार है. वर्तमान में इसका दाम करीब 20 रुपये प्रति किलो चल रहा है. बाजार में फिलहाल सफेद आलू की सबसे ज्यादा मांग है लेकिन वहीं लाल आलू भी अपने खास गुणों के चलते खरीदारों का ध्यान खींच रहा है.
सीधी के स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ आरपी परौहा ने लोकल 18 को जानकारी देते हुए बताया कि सर्दी के मौसम में दोनों तरह के आलू फायदेमंद हैं लेकिन पोषण के मामले में लाल आलू थोड़ा ज्यादा अच्छा माना जाता है.
लाल आलू मजबूत करता है इम्युनिटी
डॉ परौहा के मुताबिक, लाल आलू में फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट (फ्लेवोनोइड्स) की मात्रा सफेद आलू की तुलना में ज्यादा होती है. ये इम्युनिटी बढ़ाते हैं और शरीर को सर्दी-जुकाम से सुरक्षित रखते हैं. लाल आलू में मौजूद विटामिन सी और एंथोसायनिन शरीर में सूजन कम करने में मदद करते हैं और पाचन तंत्र को बेहतर बनाते हैं.
ठंड में शरीर को गर्म रखने में मददगार
उन्होंने आगे कहा कि सफेद आलू कार्बोहाइड्रेट और पोटैशियम से भरपूर होते हैं, जो तुरंत ऊर्जा देते हैं और ठंड में शरीर को गर्म रखने में मदद करते हैं. इसमें विटामिन बी6 और सी भी मौजूद होता है, जो दिल और ब्लड प्रेशर के लिए फायदेमंद माना जाता है.
हल्का मीठा होता है लाल आलू
डॉ आरपी परौहा ने कहा कि स्वाद की बात करें, तो लाल आलू पकने पर हल्का मीठा और क्रीमी टेक्सचर देता है. इसे सलाद, भुने हुए आलू और बेक करने के लिए ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है. वहीं सफेद आलू का स्वाद हल्का होता है और इसे मसला हुआ आलू, परांठे और रोज की सब्जी में ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.