रियलमी ने अपने नए स्मार्टफोन रियलमी P4 पावर को आधिकारिक टीज़र के जरिए कंफर्म कर दिया है और इसके भारत में जल्द लॉन्च होने की उम्मीद है. ये फोन कंपनी की P-सीरीज़ का नया मॉडल होगा, जिसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी 10,000mAh की बड़ी बैटरी मानी जा रही है. रियलमी इस फोन में सिलिकॉन-कार्बन ग्रेड बैटरी टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर रहा है, जिससे बड़ी बैटरी के बावजूद फोन ज्यादा मोटा नहीं होगा.
रियलमी के जारी टीज़र में फोन के बैक डिजाइन को दिखाया गया है. इसमें एक स्क्वायर शेप का कैमरा मॉड्यूल नजर आता है, जिसमें ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप होने की बात कही जा रही है.
कंपनी ने इसे TransView डिजाइन नाम दिया है, जो हल्के ट्रांसपेरेंट लुक की ओर इशारा करता है. हालांकि यह नथिंग फोन जितना ट्रांसपेरेंट नहीं होगा, लेकिन P-सीरीज़ के लिए यह एक नया और यूनिक डिजाइन माना जा रहा है.
फोन के बैक पैनल में मैट फिनिश दी जाएगी, जिससे ग्रिप बेहतर होगी और फोन पर उंगलियों के निशान भी कम पड़ेंगे. इसके अलावा, रियलमी P4 Power के IP68 और IP69 रेटिंग्स के साथ आने की उम्मीद है, जो इसे पानी और धूल से बेहतर सुरक्षा देगी. ये फीचर P-सीरीज़ में पहली बार देखने को मिल सकता है.
सॉफ्टवेयर और अपडेट पॉलिसी
रियलमी P4 Power एंड्रॉयड 16 पर बेस्ड रियलमी UI 7.0 पर चलेगा. कंपनी ने कंफर्म किया है कि फोन को 3 साल के OS अपडेट और 4 साल के सिक्योरिटी पैच मिलेंगे, जो इस सेगमेंट में एक बड़ा प्लस पॉइंट है. फोन को हाल ही में कई सर्टिफिकेशन वेबसाइट्स पर भी देखा गया है, जिससे इसके जल्द लॉन्च होने के हिंट मिलते हैं.
बैटरी, वजन और चार्जिंग
10,000mAh की बड़ी बैटरी होने के बावजूद, रियलमी P4 Power का वजन करीब 219 ग्राम बताया जा रहा है, जो आज के कई फोल्डेबल स्मार्टफोन के आसपास ही है. चार्जिंग स्पीड को लेकर कंपनी ने अभी कुछ साफ नहीं कहा है, लेकिन बाजार के ट्रेंड को देखते हुए इसमें कम से कम 80W फास्ट चार्जिंग मिलने की उम्मीद की जा रही है.
कीमत को लेकर क्या उम्मीद?
रियलमी पहले ही भारत में अपनी 16 Pro सीरीज़ लॉन्च कर चुका है, जिसकी कीमतें पिछले मॉडल्स की तुलना में ज्यादा हैं. ऐसे में P4 Power की कीमत भी थोड़ा ऊपर हो सकती है. आने वाले समय में बढ़ती लागत का असर स्मार्टफोन खरीदारों पर पड़ता नजर आ सकता है.
रियलमी P4 Power उन यूज़र्स के लिए खास हो सकता है जो लंबी बैटरी लाइफ, दमदार डिजाइन और लेटेस्ट सॉफ्टवेयर सपोर्ट चाहते हैं.
.