Rat Repellent: अब नहीं रहेगा घर में चूहों का आतंक! प्याज, पुदीना और फिटकरी से बनाएं नेचुरल चूहे भगाने की दवा

Natural Rat Repellent: घर में चूहों का आना किसी सिरदर्द से कम नहीं होता, ये छोटे-छोटे जीव दिखने में भले ही मासूम लगें, लेकिन घर में कदम रखते ही ऐसे आतंक मचाते हैं कि आदमी परेशान हो जाए. कभी ये अलमारी में रखे कपड़ों को कुतर देते हैं, तो कभी रसोई में रखा खाना खराब कर देते हैं. सबसे बड़ी दिक्कत तब होती है जब चूहे रात के वक्त आवाज़ करने लगते हैं – नींद उड़ जाती है और गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच जाता है. अक्सर लोग इनसे छुटकारा पाने के लिए बाजार से महंगी दवाइयां या स्टिकी पैड्स लेकर आते हैं. कई बार तो चुहेदान भी काम नहीं करता, क्योंकि चूहे इतने चालाक होते हैं कि दोबारा उसी जाल में नहीं फंसते. कुछ केमिकल वाले प्रोडक्ट्स से ये मर तो जाते हैं, लेकिन उस गंध से घर में रहना मुश्किल हो जाता है. ऐसे में सबसे बेहतर तरीका है घर पर ही कुछ ऐसे घरेलू नुस्खे अपनाना, जो बिना किसी साइड इफेक्ट के चूहों को भागने पर मजबूर कर दें. आज हम आपको कुछ ऐसे आसान और असरदार घरेलू उपाय बताने जा रहे हैं, जिनसे आप खुद घर पर “चूहे भगाने की दवा” बना सकते हैं, ये नुस्खे पूरी तरह नेचुरल हैं और इनसे चूहे न सिर्फ भागेंगे, बल्कि दोबारा आने से भी डरेंगे.

1. प्याज की गंध से भागते हैं चूहे
चूहों को प्याज की गंध बिल्कुल पसंद नहीं होती. इसके लिए बस प्याज को काटकर उन जगहों पर रख दें, जहां से चूहे अक्सर आते-जाते हों. दरवाजे के पास, स्टोर रूम या रसोई के कोनों में प्याज रखने से चूहे अपने आप वहां से दूर रहने लगेंगे. बस ध्यान रखें कि प्याज सड़ने न पाए, वरना उसकी बदबू इंसानों के लिए भी परेशान करने वाली हो सकती है. हर दो दिन में प्याज बदलते रहें ताकि उसकी गंध बनी रहे.

2. पिपरमिंट का जादू
पिपरमिंट यानी पुदीने का तेल चूहों के लिए किसी जहर से कम नहीं. इसकी तेज खुशबू से वो तुरंत भाग जाते हैं. आप इसे कॉटन बॉल में डालकर उस जगह पर रखें जहां से चूहे आते हों, अगर पिपरमिंट ऑयल न मिले, तो पान की दुकान से पुदिन हरा की गोली लेकर उसे सुई से हल्का छेद कर दीजिए और कोनों में रख दें. इसकी महक इतनी तेज होती है कि चूहे पास आने की हिम्मत ही नहीं करेंगे.

3. फिटकरी का कमाल
फिटकरी सिर्फ पानी साफ करने के काम नहीं आती, ये चूहे भगाने में भी मददगार है. घर के कोनों, अलमारी या रसोई के पीछे छोटी-छोटी फिटकरी की डलियां रख दें. चाहें तो इसे पीसकर पाउडर बना लें और कोनों में छिड़क दें. चूहों को इसकी गंध और स्वाद दोनों ही बर्दाश्त नहीं होते, इसलिए वे जल्दी उस जगह से दूर भाग जाते हैं.

4. लाल मिर्च और लहसुन का मिश्रण
ये नुस्खा थोड़ा तगड़ा है लेकिन बेहद असरदार. लाल मिर्च पाउडर, लहसुन का रस और थोड़ा-सा पानी मिलाकर एक स्प्रे बना लें. अब इसे उन जगहों पर स्प्रे करें जहां से चूहे आते हों, ये मिश्रण चूहों की आंख और नाक को चुभता है, जिससे वे वहां से भाग जाते हैं. बस ध्यान रखें कि इस स्प्रे को बच्चों की पहुंच से दूर रखें.

5. नींबू के छिलके
नींबू की गंध भी चूहों को पसंद नहीं आती. आप नींबू के छिलकों को सुखाकर पीस लें और उसका पाउडर बना लें. अब इसे अलमारी, रसोई और सिंक के पास छिड़क दें, ये न सिर्फ चूहों को भगाएगा बल्कि घर में ताजगी भी बनाए रखेगा.

6. लौंग और कपूर
ये दोनों चीजें चूहों के लिए बेहद नापसंद हैं. कपूर और लौंग को मिलाकर छोटे-छोटे कपड़ों में बांध लें और घर के अलग-अलग कोनों में रख दें. इससे न सिर्फ चूहे दूर रहेंगे बल्कि घर में एक अच्छी खुशबू भी बनी रहेगी.

7. अगर करना ही पड़े पाउडर का इस्तेमाल
अगर ऊपर बताए सभी तरीके काम न करें, तो आखिरी उपाय के तौर पर बाजार में मिलने वाला “जिंक फास्फाइड पाउडर” इस्तेमाल किया जा सकता है. इसे थोड़ा-सा आटे में मिलाकर छोटी-छोटी गोलियां बनाएं और चूहों के आने-जाने वाले रास्ते पर रखें. हालांकि ये तरीका सावधानी से करें क्योंकि ये जहरीला होता है, अगर घर में छोटे बच्चे या पालतू जानवर हैं, तो इस उपाय को बिल्कुल न अपनाएं.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *