Rapido IPO: टैक्सी सेवा प्रदान करने वाली कंपनी रैपिडो (Rapido) जल्द ही शेयर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है. उम्मीद की जा रही है कि कंपनी का आईपीओ (IPO) अगले साल यानी 2026 के अंत तक आ सकता है. समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में कंपनी के सह-संस्थापक अरविंद सांका ने कहा कि रैपिडो आने वाले वर्षों में सालाना 100 प्रतिशत की वृद्धि दर बनाए रखना चाहती है.
अगले साल तक आईपीओ
अरविंद सांका के अनुसार, कंपनी का लक्ष्य है कि आईपीओ लाने से पहले वह अपने सबसे नजदीकी प्रतिद्वंद्वी से बड़ी और मजबूत कंपनी बने. उन्होंने कहा कि फिलहाल वे शेयर बाजार में उतरने से पहले अपने व्यवसाय को और आगे बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं.
सांका ने बताया कि पिछले दो वर्षों में रैपिडो की वृद्धि दर लगातार 100 प्रतिशत रही है, और कंपनी आने वाले कुछ सालों तक इसी गति को बनाए रखना चाहती है. इसके बाद ही आईपीओ पर ठोस निर्णय लिया जाएगा.
दो सालों में जबरदस्त ग्रोथ
जब उनसे पूछा गया कि क्या रैपिडो दो साल बाद आईपीओ प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर रही है, तो उन्होंने कहा कि कंपनी का निर्णय उसके प्रदर्शन के आधार पर हर तिमाही में बदल सकता है. हालांकि, रैपिडो आईपीओ के लिए पूरी तैयारी — चाहे वह संचालनात्मक हो, व्यावसायिक हो या नियामक — सभी मोर्चों पर कर रही है.
NBFC ने IPO के लिए किया आवेदन
गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (NBFC) इनक्रेड होल्डिंग्स फाइनेंशियल सर्विसेज की इकाई इनक्रेड होल्डिंग्स ने अपने आईपीओ के लिए SEBI के पास गोपनीय रूप से आवेदन किया है. समाचार एजेंसी पीटीआई ने मामले से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया है कि प्रस्तावित IPO का आकार लगभग 3,000 से 4,000 करोड़ रुपये होने का अनुमान है. कंपनी ने रविवार को एक सार्वजनिक घोषणा में बताया कि उसने अपने इक्विटी शेयरों के प्रस्तावित आईपीओ से संबंधित दस्तावेजों का मसौदा सेबी और शेयर बाजारों के पास जमा करा दिया है.
इनक्रेड फाइनेंशियल सर्विसेज (InCred Finance) की स्थापना वर्ष 2016 में हुई थी. कंपनी फिलहाल 140 से अधिक शाखाओं और 2,600 से ज्यादा कर्मचारियों के नेटवर्क के माध्यम से देशभर में कार्यरत है. अब तक कंपनी चार लाख से अधिक ग्राहकों को सेवा देते हुए 25,000 करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज वितरित कर चुकी है. यह कदम इनक्रेड ग्रुप की विकास रणनीति में एक महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है, जिससे कंपनी को पूंजी बाजार से नए निवेश प्राप्त करने और अपने व्यवसाय विस्तार को गति देने में मदद मिल सकती है.
.