IPL 2026 Points Table After RR Vs CSK Match: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का रोमांच शुरू हो गया है और लीग में तीन मैच भी खेले जा चुके हैं. इन तीन मुकाबलों में विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज और वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा सितारों ने जबरदस्त खेल दिखया है. फैंस को इन तीनों सितारों से ख्वाहिश थी की ये पहले ही मैच में अपना जलवा दिखाएं और तीनों ने बखूबी ऐसा किया भी. इन्होंने मैच में सिर्फ रन ही नहीं बनाए, बल्कि अपनी दमदार पारियों के दम पर टीम को जीत भी दिलाई. इसमें सबसे खास वैभव सूर्यवंशी रहे, जिनकी विस्फोटक पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स को जीत मिली और साथ ही अंक तालिका में पहले नंबर पर भी पहुंचने में सफल रही.
राजस्थान रॉयल्स ने तीसरे मैच में की जीत हासिल
आईपीएल 2026 के पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस की जीत के बाद तीसरे मैच में राजस्थान रॉयल्स ने बड़ी जीत हासिल कर ली है. गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान ने नांद्रे बर्गर, जोफ्रा आर्चर और रवींद्र जडेजा की दमदार गेंदबाजी की दम पर चेन्नई सुपर किंग्स को सिर्फ 127 रन पर समेत दिया. इसके बाद 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया, जिसकी बदौलत राजस्थान ने सिर्फ 12.1 ओवर में ही 2 विकेट के नुकसान पर इस लक्ष्य को हासिल कर लिया. सीएसके के खिलाफ 8 विकेट से मिली जीत के साथ राजस्थान ने सीजन का आगाज किया.
आरसीबी की नंबर-1 की सीट राजस्थान रॉयल्स ने छीनी
सीएसके के खिलाफ मिली जीत के साथ ही राजस्थान रॉयल्स ने 2 अंक हासिल करते हुए अपना खाता खोला. उसके ये 2 अंक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बराबर ही हैं, जिन्होंने भी अपना पहला मैच जीता है. राजस्थान जीत इसलिए खास है, क्योंकि उन्होंने अपने लक्ष्य को तेजी से हासिल करते हुए नेट रन रेट (NRR) की रेस में बहुत बड़ी बढ़त बना ली है. इस जीत के साथ राजस्थान का NRR सीधे 4.171 हो गया और उन्होंने आरसीबी को पीछे छोड़ते हुए अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया है. बेंगलुरु अब 2.907 के NRR के साथ दूसरे और मुंबई (0.687) के साथ तीसरे स्थान पर काबिज है.
सीएसके को राजस्थान रॉयल्स ने दिया गहरा जख्म
राजस्थान रॉयल्स को इस सीजन के तीसरे मैच से जितना बड़ा फायदा हुआ है, उतना ही बड़ा नुकसान चेन्नई सुपर किंग्स को हुआ है. सीएसके ने सिर्फ मैच ही नहीं गंवाया, बल्कि NRR के मामले में भी गहरा जख्म खाई है. इस हार के साथ सीएसके का नेट रन रेट सीधे -4.171 हो गया, जिसे सुधारने में उसे पूरा सीजन लग सकता है. फिलहाल, चेन्नई छठे पायदान पर है, लेकिन एक बार अन्य 4 टीमें भी अपने-अपने मैच खेल लेंगी, तो इसकी संभावना है कि सीएसके सीधे आखिरी पायदान पर पहुंच जाएगी.
.