Last Updated:
तेज़ रफ्तार जिंदगी में हेल्दी और नेचुरल ड्रिंक्स ज़रूरी हैं. साउथ इंडिया की फिल्टर कॉफी, जलजीरा, सत्तू, मसाला छाछ और नींबू पानी सेहत और स्वाद दोनों में बेहतरीन हैं. आइए जानते है इसके बारे में…
आजकल की तेज़ रफ्तार जिंदगी में लोग अपनी सेहत का ध्यान नहीं रख पाते. ऐसे में फिट और तंदुरुस्त बने रहने के लिए हेल्दी और नेचुरल ड्रिंक्स को अपनी डाइट में शामिल करना बहुत ज़रूरी है. माचा टी जैसे विदेशी पेय तो ट्रेंड में हैं, लेकिन भारत के पारंपरिक देसी पेय भी स्वाद और सेहत दोनों के लिहाज़ से कम नहीं हैं. ये पेय एंटीऑक्सिडेंट से भरपूर होते हैं, मेटाबॉलिज्म को बढ़ाते हैं और मानसिक शांति भी प्रदान करते हैं.

साउथ इंडिया की फिल्टर कॉफी सिर्फ एक पेय नहीं, बल्कि वहां की संस्कृति और जीवनशैली का अहम हिस्सा है. स्टील के फिल्टर में तैयार की गई स्ट्रॉन्ग कॉफी को गरम दूध और मीठी चीनी के साथ पीतल के डबरे में परोसा जाता है. इसकी खुशबू और झाग इसे किसी भी महंगे कैप्पुचिनो से कहीं ज्यादा आरामदायक और दिल को भा जाने वाला बनाते हैं.

खट्टे-तीखे स्वाद वाला जलजीरा न केवल अपने ज़ायके के लिए पसंद किया जाता है, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद लाभकारी है. इसे इमली के पानी, ताज़ा पुदीना, काला नमक और भुना हुआ जीरा मिलाकर तैयार किया जाता है. ऊपर से कुरकुरी बूंदी डालकर इसके स्वाद को और भी लाजवाब बना दिया जाता है. जलजीरा पाचन क्रिया को सुधारने में मदद करता है और शरीर को तरोताजा और एनर्जेटिक बनाए रखता है.

सत्तू एक प्रसिद्ध और पारंपरिक ड्रिंक है, जो खासकर बिहार में बेहद लोकप्रिय है. इसे विभिन्न तरीकों से अपनी डाइट में शामिल किया जा सकता है. यह हेल्दी ड्रिंक गर्मियों में पीने से सेहत को कई फायदे देता है. सत्तू पेट के लिए भी वरदान साबित होता है, क्योंकि यह पाचन तंत्र को मजबूत करता है और शरीर को ठंडक प्रदान करता है. इसके अलावा, यह एनर्जी बढ़ाने और शरीर को हाइड्रेट रखने में भी मदद करता है.

मसाला छाछ गर्मी के दिनों में ठंडक पहुंचाने वाला एक बेहतरीन पारंपरिक भारतीय पेय है. इसे दही, पानी, भुना जीरा, काला नमक और हरी मिर्च जैसी मसालों के साथ फेंटकर बनाया जाता है. यह न सिर्फ प्यास बुझाता है, बल्कि पाचन को भी बेहतर बनाता है और शरीर को हल्का और ताजगी से भरपूर महसूस कराता है.

नींबू पानी एक सरल लेकिन बेहद ताज़ा और सेहतमंद ड्रिंक है, जिसे नींबू के रस, पानी, चीनी या शहद और एक चुटकी नमक मिलाकर बनाया जाता है. यह शरीर को हाइड्रेटेड रखता है, थकान दूर करता है और गर्मी के मौसम में तुरंत ऊर्जा प्रदान करता है. साथ ही, नींबू पानी एक प्रभावी डिटॉक्स ड्रिंक की तरह भी काम करता है, जो शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करता है.
.