गौतम गंभीर की रणनीति पर उठे सवाल? NZ से ODI सीरीज हारने पर बवाल, वर्ल्ड कप के बाद एक्शन पक्का!

भारतीय क्रिकेट टीम पहली बार न्यूजीलैंड से घर पर वनडे सीरीज हारा, जिसके बाद सबसे ज्यादा आलोचना गौतम गंभीर की हो रही है. गंभीर अभी भारतीय टीम के हेड कोच हैं, जिन्हे कई लोग हटाने की भी मांग कर रहे हैं. हालांकि उनके कोच रहते हुए ही भारत ने पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी और एशिया कप का खिताब जीता. अब अगला पड़ाव टी20 वर्ल्ड कप है, जिसकी शुरुआत 7 फरवरी से होने जा रही है. लेकिन क्या बीसीसीआई इसी टूर्नामेंट के बाद कोई बड़ा फैसला ले सकता है.

भारतीय क्रिकेट टीम में कोच की आलोचना की नई नहीं है, शुरुआत से ऐसा ही होता आया है. टीम के बुरे प्रदर्शन पर खिलाड़ियों के साथ कोचों की भी आलोचनाएं हुई है. न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज इसलिए भी और शर्मनाक है क्योंकि मेहमान टीम कई युवा और अनुभवहीन खिलाड़ियों के साथ खेलकर जीती है. हालांकि भारत ने भी अपने कई खिलाड़ियों को आराम दिया था, लेकिन विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों के साथ टीम खेल रही थी.

गौतम गंभीर के कोच बनने के बाद

ऐसा नहीं है कि गंभीर के कोच बनने के बाद भारतीय टीम की स्थिति बुरी हो गई, बल्कि टीम ने कई यादगार सीरीज और टूर्नामेंट जीते. लेकिन इसके साथ वो भी हुआ, जो इतने सालों में कभी नहीं हुआ. जैसे तीसरे ही वनडे में लें तो पहली बार भारत इंदौर में हारा, इसी के साथ पहली बार न्यूजीलैंड ने भारत में द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीती.

गौतम गंभीर 2024 में हेड कोच नियुक्त हुए थे. उसके बाद 27 सालों में पहली बार हुआ जब श्रीलंका ने भारत को वनडे सीरीज में हराया. इसके बाद 36 साल बाद हुआ जब न्यूजीलैंड ने भारत को भारत में टेस्ट हराया. पहली बार न्यूजीलैंड ने भारत में टेस्ट जीती. इसके बाद 19 साल बाद भारत ने चिन्नास्वामी में टेस्ट गंवाया और पहली बार घर पर टेस्ट में 50 रनों के अंदर सिमट गई.

गौतम गंभीर की प्लानिंग पर उठे सवाल

हेड कोच की प्लानिंग को लेकर सबसे ज्यादा चर्चाएं हुई. अजिंक्य रहाणे ने भी टीम में हो रहे लगातार बदलाव और अस्पष्ट भूमिकाओं को लेकर असंतोष जताया. फिर नितीश कुमार रेड्डी को लेकर सवाल उठे, जिन्हे ऑस्ट्रेलिया में शानदार प्रदर्शन के बाद कई अवसर मिले. इसी तरह हर्षित राणा को लेकर भी कहा जाने लगा कि उन्हें अन्यों के मुकाबले ज्यादा अवसर मिल रहे हैं, हालांकि न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्होंने बल्ले और गेंद से प्रभावित किया.

फॉर्मेट के हिसाब से खिलाड़ियों को मौके दिए जा रहे हैं, जैसे वनडे में केएल राहुल विकेट कीपिंग कर रहे हैं लेकिन टी20 में न तो वो और न ही ऋषभ पंत हैं. अचानक से टी20 वर्ल्ड कप से पहले ईशान किशन की एंट्री पर भी सवाल उठे.

टी20 में अच्छा रिकॉर्ड

बतौर कोच गौतम गंभीर का टी20 में सफर शानदार रहा है. 27 मैचों में भारतीय टीम ने 23 में जीत दर्ज की है, सिर्फ 3 मैचों में हार मिली है. हालांकि इसके मुकाबले वनडे और टेस्ट में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा. अब भारत का अगला पड़ाव टी20 वर्ल्ड कप है, ऐसे में बीसीसीआई इस बड़े टूर्नामेंट तक रुका है. हालांकि बोर्ड की तरफ से पहले कहा जा चुका है 2027 ओडीआई वर्ल्ड कप तक वह कहीं नहीं जाने वाले.

कुछ हफ्तों पहले खबर थी कि बीसीसीआई गौतम गंभीर की जगह वीवीएस लक्ष्मण को टेस्ट कोच बनाने पर विचार कर रहा है. इस पर सचिव देवजीत सैकिया ने बताया था कि ये पूरी तरह गलत है. उन्होंने साफ कहा था कि गंभीर को हटाने को लेकर कोई विचार नहीं हो रहा है, ये सिर्फ गलत है.

तब एनडीटीवी ने बीसीसीआई के एक सीनियर अधिकारी के हवाले से बताया था कि 2027 वर्ल्ड कप तक गौतम गंभीर को हटाने का कोई विचार नहीं है.

.

Source link

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *