पब्लिक ओपिनियन: हाल ही में बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र शास्त्री ने शिवपुरी में श्रीमद् भागवत कथा के दौरान कहा था कि चच्चे की 30 बच्चे हो सकते हैं तो हिंदुओं के चार बच्चे क्यों नहीं हो सकते? इसको लेकर छतरपुर की जनता का क्या कहना है, आइए जानते हैं.
अवधेश चौरसिया बताते हैं कि बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र शास्त्री हिंदुओं को जोड़ रहे हैं, इस बात की प्रशंसा करते हैं लेकिन हिंदुओं को कितने बच्चे पैदा करने हैं, ये बाबा बागेश्वर तय नहीं कर सकते हैं. ये अपनी-अपनी सामर्थ्य और इच्छा पर निर्भर करता है. कौन कितने बच्चे पैदा करे; यह उस पर छोड़ देना चाहिए.
महंगाई के जमाने में 4 बच्चे मुश्किल
अवधेश बताते हैं कि आज महंगाई और खर्च इतना हो गया है कि लोग ज्यादा बच्चे पैदा करने से घबराते हैं. हालांकि, पहले के समय में लोग 8-10 बच्चे सामान्य तौर पर कर लेते थे लेकिन आज टेंशन इतनी ज्यादा है, खुद के खर्च, फिर बच्चों का कैरियर इसी के चक्कर में लोग दिन-रात टेंशन में रहते हैं. जिसके पास आय के साधन कम हैं तो वह ज्यादा बच्चे पैदा कर भी लेगा तो खिलाएगा क्या? कपड़े पहनने से लेकर शिक्षा का खर्च बहुत महंगा होता जा रहा है. आज घर चलाना बहुत मुश्किल हो रहा है.
भ्रष्टाचार पर बात करनी चाहिए
वही डीडी प्रजापति बताते हैं कि बाबा बागेश्वर हिंदुओं के चार बच्चों की बात तो करते हैं लेकिन भ्रष्टाचार की बात नहीं करते हैं . आज भ्रष्टाचार दिमाग की तरह लोगों को खा रहा है. बिना पैसे के कोई लेन-देन या कोई काम नहीं होता है. इसको लेकर भी बाबा बागेश्वर को बयान देना चाहिए सिर्फ हिंदू और मुस्लिम को लेकर बयान देना सही नहीं है.
हिंदुओं को 4 बच्चे पैदा करना चाहिए
रामकरन यादव बताते हैं कि बाबा बागेश्वर ने जो चार बच्चों की बात कही है, उस पर पूरी तरह से सहमत हूं. हिंदुओं को चार बच्चे पैदा करना चाहिए क्योंकि मुसलमानों की जनसंख्या तेजी से बढ़ रही है तो हिंदुओं को भी अपने चार बच्चे पैदा करना चाहिए. महंगाई और खर्च तो मुसलमानों के लिए भी है. जब वह क्रिकेट टीम बनाते हैं; तो क्या हम 4 बच्चे भी नहीं पैदा कर सकते हैं.
महिला पर निर्भर करता है
वहीं युवा बताते हैं कि बाबा बागेश्वर के चार बच्चों वाली बात का पूरा समर्थन करता हूं. हिंदुओं को चार बच्चे पैदा करना चाहिए. मेरी शादी होगी तो मैं भी दो-चार बच्चे तो पैदा करूंगा ही. साथ ही महिला पर भी निर्भर करता है कि वह कितने बच्चे पैदा करना चाहती है, सिर्फ पुरुष पर निर्भर नहीं करता है कि वह कितने बच्चे पैदा करेगा जब तक महिला नहीं चाहेगी तब तक आप चार या 30 बच्चे पैदा नहीं कर पाएंगे.
ये है बाबा बागेश्वर का वायरल बयान
बता दें, धीरेन्द्र शास्त्री ने हिंदू की घटती जनसंख्या पर चिंता जताते हुए कहा था कि हिंदुओं को चार बच्चे पैदा करने चाहिए. संख्या बढ़ेगी तभी खेल बनेगा. चच्चे के 30 बच्चे हो सकते हैं तो हिंदुओं के चार क्यों नहीं? शास्त्री ने हिंदू समाज से अपील की कि दो बच्चे अपने पास रखें, एक देश सेवा को भेजें और एक साधु-संतों को दें, जो हिंदू राष्ट्र के लिए काम करेंगे. शास्त्री ने नारी सम्मान की भी बात कही. इस दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने सेक्युलरिज्म पर भी तंज कसा था. उन्होंने कहा था कि कुछ सेकुलर हिंदू कहते हैं कि ना बच्चा, ना बच्ची, जिंदगी कटे अच्छी. यह बेहद दुखद है. ऐसे लोग हिंदुओं के भविष्य को नहीं देख रहे हैं.
.