पुलिस इन्वेस्टिगेशन अब होगी डिजिटल, अधिकारियों को मिला टैबलेट: क्राइम स्पॉट पर ही ऑनलाइन दर्ज होगी केस डायरी, बुरहानपुर में ट्रेनिंग हुई – Burhanpur (MP) News


बुरहानपुर में पुलिस इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर्स के लिए एक दिवसीय ई-विवेचना प्रशिक्षण कार्यशाला शनिवार को आयोजित की गई। इस कार्यशाला में विवेचना अधिकारियों को बताया गया कि अब वे क्राइम स्पॉट पर टेबलेट लेकर पहुंचेंगे और सारी विवेचना ऑनलाइन दर्ज करेंगे। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देश पर आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पुलिस इन्वेस्टिगेशन को आधुनिक तकनीक से अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाना है। जिले के सभी विवेचकों को पुलिस विभाग द्वारा टेबलेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कार्यशाला में सीसीटीएनएस विशेषज्ञ प्रधान आरक्षक नीरज सैनी और आरक्षक विनोद सांवले ने विवेचना को डिजिटल और पारदर्शी बनाने की विस्तृत जानकारी दी। इन टेबलेट्स के माध्यम से ई-विवेचना ऐप और अन्य पुलिसिंग ऐप का उपयोग मैदानी स्तर पर इन्वेस्टिगेशन के दौरान किया जाएगा। बयान समेत केस डायरी अपडेट कर सकेगी पुलिस
इन ऐप्स के जरिए केस डायरी लेखन, अपराध विवरण प्रपत्र, संपत्ति जब्त फॉर्म, गिरफ्तारी फॉर्म, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, पीएम फॉर्म और कथन जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां तुरंत भरी जा सकेंगी। प्रशिक्षण में ई-विवेचना प्रणाली के माध्यम से जांच की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन दर्ज करने के तरीके बताए गए। विवेचकों को सीसीटीएनएस पोर्टल पर एफआईआर से लेकर विवेचना पूरी होने तक की जानकारी, केस डायरी, बयान, पंचनामा और दस्तावेजों का डिजिटल रूप से संग्रहण करने के बारे में भी अवगत कराया गया। इसमें केस डायरी को ऑनलाइन अपडेट करना, अरेस्ट, नोटिस, चार्ज शीट की एंट्री और कोर्ट में पेश किए जाने वाले दस्तावेजों की ऑनलाइन एंट्री शामिल है। सीसीटीएनएस प्रणाली का डेमो भी करके दिखाया गया। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *