Last Updated:
Jabalpur News: एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने लोकल 18 से कहा कि बोर्ड परीक्षा का प्रश्नपत्र सिर्फ परीक्षा केंद्र पर ही उपलब्ध होता है. सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से पहले मिलने वाले सभी प्रश्नपत्र फर्जी होते हैं. ऐसे में स्टूडेंट्स को सलाह है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और पूरी तरह से अपनी पढ़ाई पर फोकस करें.
जबलपुर. मध्य प्रदेश में बोर्ड परीक्षाओं से पहले सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स पर वायरल हो रहे पेपर लीक और फर्जी प्रश्नपत्रों को लेकर जबलपुर पुलिस ने साइबर एडवाइजरी जारी की है. पुलिस ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह के लालच में न आएं और अनजान लिंक, ग्रुप या व्यक्तियों द्वारा भेजे जा रहे प्रश्नपत्रों से सावधान रहें. एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने लोकल 18 से कहा कि सोशल मीडिया के जरिए मिलने वाला कोई भी प्रश्नपत्र असली नहीं होता. हाल के दिनों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पेपर लीक के नाम पर फर्जी प्रश्नपत्र तेजी से वायरल किए जा रहे हैं. ये न केवल छात्रों को गुमराह कर रहे हैं बल्कि कई मामलों में आर्थिक धोखाधड़ी और मोबाइल हैकिंग का कारण भी बन रहे हैं. साइबर ठग छात्रों को असली पेपर देने का झांसा देकर पैसे मांगते हैं या संदिग्ध लिंक भेजते हैं, जिनसे डेटा चोरी होने का खतरा रहता है.
उन्होंने आगे कहा कि बोर्ड परीक्षा का प्रश्नपत्र केवल परीक्षा केंद्र पर ही उपलब्ध होता है. सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से पहले मिलने वाले सभी पेपर फर्जी होते हैं. ऐसे में छात्र अफवाहों पर ध्यान न दें और पूरी तरह से अपनी पढ़ाई पर फोकस रखें. वहीं एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि ईमानदारी से पढ़ाई और निरंतर अभ्यास ही उज्ज्वल भविष्य की असली कुंजी है. छात्रों और अभिभावकों के लिए जारी दिशा-निर्देशों में बताया गया है कि पेपर से संबंधित किसी भी सत्यापित जानकारी के लिए केवल आधिकारिक बोर्ड वेबसाइट या स्कूल-कॉलेज प्रशासन पर ही भरोसा करें.
यदि किसी को फर्जी प्रश्नपत्र, संदिग्ध मैसेज या कॉल मिलती है, तो इसकी तुरंत सूचना स्कूल प्रबंधन या नजदीकी पुलिस थाने को दें. साथ ही पैसे लेकर पेपर बेचने वालों से सतर्क रहने और उनकी शिकायत पुलिस को करने की अपील की गई है. जबलपुर पुलिस ने कहा है कि साइबर अपराध से जुड़ी किसी भी घटना की सूचना साइबर सेल जबलपुर के हेल्पलाइन नंबर 7701050010 या राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दी जा सकती है. इसके अलावा cybercrime.gov.in वेबसाइट पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है.
बहरहाल जबलपुर पुलिस ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है, ‘सतर्क रहें, सजग रहें और सुरक्षित रहें’ ताकि किसी भी तरह की ठगी से बचा जा सके.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.
.