भारत एक बार फिर तकनीकी नवाचार और डिजिटल प्रगति का गवाह बनने जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल एशिया के सबसे बड़े टेलीकॉम और टेक्नोलॉजी इवेंट इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) 2025 का उद्घाटन करेंगे. यह भव्य आयोजन 8 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक नई दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर, द्वारका में होगा. हर साल आयोजित होने वाला यह सम्मेलन भारत के टेलीकॉम, टेक्नोलॉजी और डिजिटल इनोवेशन सेक्टर का सबसे बड़ा मंच माना जाता है, जहां देश-विदेश की अग्रणी कंपनियां, स्टार्टअप्स, और विशेषज्ञ नई तकनीकों को पेश करते हैं.
इस मेगा इवेंट का आयोजन भारत सरकार के दूरसंचार विभाग और सेल्युलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है. इसका मकसद भारत की डिजिटल क्षमताओं और तकनीकी विकास को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करना है.
इवेंट की खास बातें
इंडिया मोबाइल कांग्रेस में इस बार कई अहम विषयों पर फोकस रहेगा
-6G टेक्नोलॉजी और इकोसिस्टम
-साइबर सुरक्षा (Cybersecurity)
-सैटेलाइट कम्युनिकेशन
-आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI)
-इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT)
-टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग
सूत्रों के मुताबिक, इस साल IMC 2025 में 1.5 लाख से ज्यादा विज़िटर्स, 7,000 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय डेलिगेट्स और 400 से ज्यादा एग्ज़िबिटर्स भाग लेंगे. दुनिया के 150 से अधिक देशों से लोग इस सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचेंगे.
आईएमसी 2025 में 1,600 से ज्यादा नई तकनीकी उपयोगिताएं पेश की जाएंगी, जो 5जी/6जी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्मार्ट मोबिलिटी, क्वांटम कंप्यूटिंग, साइबर सुरक्षा और ग्रीन टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों से जुड़ी होंगी. इस दौरान 100 से अधिक तकनीकी सत्र और 800 से ज्यादा वक्ता अपनी बात रखेंगे.
इस बार आईएमसी 2025 में जापान, कनाडा, ब्रिटेन, रूस, आयरलैंड और ऑस्ट्रिया जैसे देशों से अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल भी हिस्सा ले रहे हैं.
इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2025 भारत की डिजिटल क्षमता, वैज्ञानिक सोच और वैश्विक तकनीकी नेतृत्व को दर्शाने का एक बड़ा मंच है. इस आयोजन में 5जी, 6जी, एआई, आईओटी, ग्रीन टेक्नोलॉजी और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में अत्याधुनिक उपयोग का प्रदर्शन किया जाएगा. इसके साथ ही कई सारे मोबाइल निर्माता भी नए मोबाइल मॉडल को शोकेस कर सकते हैं.
.