ग्वालियर के बाल भवन में सोमवार (9 मार्च) को सुबह 11 बजे से ‘पिंक ड्राइविंग लाइसेंस कैंप’ आयोजित किया जाएगा। यह शिविर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में लगाया जा रहा है। इसका उद्देश्य बालिकाओं और महिलाओं को सशक्त व स्वावलंबी बनाना है। यह पहल सरकार की ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत जिले में चलाए जा रहे ड्राइविंग लाइसेंस अभियान का हिस्सा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, उपासना राय ने बताया कि शिविर में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की बालिकाएं और महिलाएं ड्राइविंग लाइसेंस के लिए पंजीकरण करा सकेंगी। पंजीकरण के लिए आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर (ओटीपी के लिए) और समग्र आईडी अनिवार्य होंगे। इच्छुक बालिकाएं रूपसिंह स्टेडियम के पास स्थित बाल भवन में निर्धारित तिथि और समय पर पहुंचकर इस सुविधा का लाभ ले सकती हैं। .