नरसिंहपुर में निर्माणाधीन ब्रिज से पिकअप वाहन पलट गया। हादसे से वाहन में सवार तीन मजदूरों की मौत हो गई। सात लोग घायल हो गए, इनमें चार की हालत गंभीर है। हादसा सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे सूआतला थाना अंतर्गत बरमान चौकी क्षेत्र में नेशनल हाईवे 44 पर हुई। घायलों को करेली के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार वाहन में कुल 10 मजदूर सवार थे। ये सभी छिंदवाड़ा जिले के सुरलाखापा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। वे नरसिंहपुर के राजमार्ग क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्य के लिए जा रहे थे। मौके पर मच गई अफरा-तफरी हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर बरमान चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने सभी सात घायलों को करेली के सिविल अस्पताल पहुंचाया। चार मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में वाहन का अनियंत्रित होना दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। थाना प्रभारी प्रियंका केवट ने बताया कि दो लोगों कि मौके पर ही मौत हो गई थी। एक घायल की अस्पताल ले जाते समय मृत्यु हो गई। .